- गांव हिंड में पांच सूत्रीय मागों को लेकर किया धरना-प्रदर्शन
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन ने क्षेत्र के गांव हिंड में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने मांगे पूरी न होने पर दिल्ली बॉर्डर पर धरने में शामिल की चेतावनी दी। सोमवार को भारतीय किसान संगठन के तत्वावधान में किसानों ने क्षेत्र के गांव हिंड के बस स्टैंड पर किसानों की 5 सूत्रीय मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
किसानों की मांग थी कि गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये कुंतल तत्काल किया जाए, गन्ना भुगतान मय ब्याज, बिजली बिल बकाया को लेकर आरसी जारी न हों, एमएसपी पर तुरंत कानून बनाया जाए। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों का सरकार द्वारा संज्ञान लेने की मांग की।
इस दौरान किसानों ने कहा कि मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया गया तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने दिल्ली बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों के धरने में शामिल होने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों में संगठन के जिलाध्यक्ष जमील अहमद, अंसार राणा, मुस्तकीम जावेद प्रधान, गुफरान अली, दिलशाद, मुजफ्फर, जगदीश आदि मौजूद रहे।

