- पति की मारपीट में घायल बेटे की मौत से क्षुब्ध थी महिला
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: गांव गोहरनी के रहस्यमयी हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए हत्यारोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। रात में सिर के पीछे हथोडा मारकर पत्नी के खून से लथपथ शव को घर के बाहर फेंक दिया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथोडा, खून से सना कंबल आदि बरामद करते हुए हत्यारोपी पत्नी को कोर्ट में पेश किया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव गोहरनी में 17 जनवरी की रात में घर के बाहर ही तेजपाल का शव पड़ा मिला था। सीओ सिटी व थाना प्रभारी संदीप बालियान ने घटना घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की थी। मृतक के शरीर पर चोट से प्रथम दृष्टया मृतक की हत्या कर शव को वहां फेंकना प्रतीत हो रहा था।
वहीं एसपी सुकीर्ति माधव ने बागी गांव में पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। साथ ही मृतक के भाई संजय की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। वहीं आदर्श मंडी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से घटना के संबंध में अहम सुराग एकत्रित करते हुए मंगलवार को तेजपाल हत्याकांड का खुलासा किया।
सनसनीखेज खुलासे में हत्यारोपी कोई ओर नहीं बल्कि तेजपाल की पत्नी पिंकी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथोडा, रक्त रंजित कंबल भी बरामद हुआ है। पुलिस ने हत्यारोपी महिला को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस तरह दिया घटना को अंजाम
आदर्श मंडी थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि मृतक तेजपाल से पिंकी की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व हुई थी। जैसा कि पिंकी ने पूछताछ में बताया कि शादी के बाद से ही तेजपाल उसके साथ मारपीट करता था और शराबी तथा जुआरी किस्म का था। अक्सर गांव में खेती में काम करने के नाम पर लोगों से पैसे ले लेता था और फिर मेहनत मजदूरी उसे करनी पड़ती थी।
करीब 2-3 माह पूर्व उसने 40000 रुपये की एक भैंस बेची थी। जिसके पैसे जबरदस्ती लेने के लिए तेजपाल ने अपने बेटे को प्राइवेट पार्ट पर चोट मारी थी। चोट के कारण बेटे को चंडीगढ़ में अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसकी मृत्यु हो गई थी। तभी उसने अपने पति तेजपाल को मारने की ठान ली थी। 16 जनवरी को तेजपाल शराब के नशे में देर रात घर लौटा और दरवाजा खटखटाया।
दरवाजा न खुलने पर वह दीवार से कूदकर घर में आ गया। तेजपाल ने उसके साथ मारपीट कर गला घोटने का प्रयास किया। जिस पर उसने अपने पति तेजपाल को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर दीवार पर लग गया। इसके बाद उसने पास में ही रखे हथोड़े से उसके शरीर एवं सिर पर कई प्रहार किए। जिससे उसकी मृत्यु हो गई। बाद में उसने शव को घर में ही छिपा दिया था। अगले दिन देर रात को उसने अकेले ही शव को घर के बाहर निकालकर फेंक दिया। घर में खून को भी साफ कर दिया।

