- किसानों को खेती की नई तकनीक के संबंध में जानकारी दी
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: तहसील के खंड विकास परिसर में लगाए गए किसान मेले को संबोधित करते हुए डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि शासन की मंशा है कि किसान की आय दो गुना हो, और यह काम हमें सीमित समय में करना है इसलिए किसान मेले के माध्यम से कृषि विभाग के माध्यम से नई तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इस मौके पर डीएम ने मेले में लगाए गए तमाम स्टालों का भी निरीक्षण किया।
गुरूवार को खंड विकास नजीबाबाद में लगाए गए किसान मेले में डीएम रमा कांत पांडेय ने आगे कहा कि किसानों की आय दो गुना करने के लिए सबसे पहला तरीका तो यह है कि जो खेत में फसल उत्पादन की लागत हो उसे कम किया जाए तथा कम लागत से अधिक उत्पादन किया जाए। इसके साथ ही खेती की नई तकनीक को भी अपनाया जाए।

उन्होंने किसानों को गन्ना उत्पादन का उदाहरण दे कर लागत कम करने व प्रति बीघा अधिक उत्पादन करने के संबंध में विस्तार से बताया। इस मौके पर डीएम रमाकांत पांडेय ने मेले में लगे स्टाल में स्वंय सहायता समूहों के उत्पाद के संबंध में जानकारी ली जिसमें लकड़ी का प्रयोग कर हस्तनिर्मित वस्तुओं, सखी वैलफेयर के माध्यम से बनाई गए अचार आदि के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने बाल विकास विभाग की कार्यकत्रियों से बच्चों व महिलाओं के पोषण के संबंध में भी जाना। इस मौके पर कृषि विभाग के नरपाल सिंह तमाम अधिकारियों ने किसानों को अमरूद, केले, मतस्य पालन सहित विभिन्न वस्तुओं के उत्पादन के संबंध में बताया। डीएम ने सफल किसानों सहित कई लोगों को कृषि क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए संम्मानित भी किया।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी केपी सिंह, खंड विकास अधिकारी ज्ञान सिंह, एसडीएम बृजेश कुमार आदि तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

