जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: नगर निगम और तहसील टीम ने कासमपुर पहाड़ी पर हो रहे अवैध निर्माण को तोड़ दिया। इसके बाद मार्शल पिच पर हो रहे अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया। संपत्ति अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में शनिवार को कानूनगो नितिन काजला, लेखपाल राकेश गौड़ व धर्मपाल नगर निगम की टीम के साथ कासमपुर पहाड़ी की खसरा नंबर 1066 पर पहुंचे।
यहां अवैध रूप से हो रहे निर्माण को जेसीबी से तोड़ दिया गया। इसके बाद टीम डिस्टलरी रोड स्थित मार्शल पिच के निकट खसरा नंबर 1032 पर पहुंची। यहां अवैध रूप से भू-माफिया जमीन पर कब्जा करने की नियत से दीवार बना रहे थे। टीम ने दीवार को भी तोड़ दिया। परंतु जमीन पर बनाए गए अन्य मकान व दुकान को टीम ने नहीं छेड़ा।

टीम ने सरकारी भूमि पर बनाए गए अवैध रूप से दुकान व मकानों को भी खाली करने की चेतावनी दी। इस संबंध में कानूनगो नितिन काजला का कहना है कि जमीन की पैमाइश सपा कार्यकाल में की गई थी। सरकारी जमीन पर काबिज लोगों ने जमीन को अपना बताते हुए कोर्ट में रिट डाल रखी है। जिन लोगों ने यहां पर कब्जे कर रखे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

