- आयकर दाताओं ने कहा, अपेक्षा के अनुरूप नहीं बजट
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: वीवी इंटर कॉलेज के प्रवक्ता रजनीश कुमार का कहना है कि इनकम टैक्स में छूट न किए जाने से नौकरी पेशा लोगों को निराशा हुई है। पुरुषों की आयकर छूट ढाई लाख से बढ़ाकर चार लाख और महिलाओं की आयकर छूट साढ़े चार लाख रुपये किए जाने की आशा थी। सेविंग पर योजनाओं पर टैक्स में कोई छूट नहीं है।
‘आम’ आदमी के काम का नहीं आम बजट
वीवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अर्थशास्त्र के प्रवक्ता डा. भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि केंद्रीय वित्तमंत्री के द्वारा पेश किया गया बजट आम आदमी के लिए संतुष्टि भरा नहीं है। टैक्स स्लेब में बढ़ोतरी ने किए जाने से आय करदाताओं को मायूसी हाथ लगी है। नौकरी पेशा लोगों को आशा थी कि टैक्स स्लेब में वृद्धि होने से बचत में वृद्धि कर सकेंगे, लेकिन टैक्स स्लेब में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
मजबूत होगा शिक्षा का बुनियादी ढांचा
वीवी इंटर कॉलेज के प्रवक्ता डा. अनुराग शर्मा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र की बात करते हए कहा गया है कि 100 नए सैनिक स्कूल बनेंगे। सरकार हायर एजुकेशन कमीशन बनाएगी, जो उच्च शिक्षा के लिए नियामक के तौर पर कार्य करेगी। 15 हजार आदर्श स्कूल बनेंगे जो नई शिक्षा नीति पर आधारित होंगे और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगें। लेह में सेंट्रल यूनिवर्सिटी की घोषणा की गई है। अनुच्छेद 370 में बदलाव के बाद लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश बना था। यह उसके लिए बड़ी घोषणा है। वित्तमंत्री ने 758 एकलव्य स्कूल बनाने की घोषणा भी की है जो प्रशंसनीय है।

