- एक दिवसीय कार्यशाला में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
जनवाणी संवाददाता |
हस्तिनापुर: मंगलवार को बर्ड फेस्टिवल-डे पर वन विभाग और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के संयुक्त तत्वावधान में वानिकी प्रशिक्षण केंद्र और वन विभाग कार्यालय परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इससे पूर्व विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने वन आरक्षित जंगल स्थित वेटलैंडों पर देशी व विदेशी पक्षियों को निहारा और उनके बारे में विस्तार से जानकारी ली।
तदोपरांत वन विभाग कार्यालय परिसर में चित्रकला प्रतियोगिता और गोष्टी का आयोजन किया गया। जिसमें आलाधिकारियों ने बच्चों को वेटलैंड और बर्ड फेस्टिवल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि वन अधिकारी ने कहा कि प्राकृतिक संतुलन के लिए जंगल, जानवर एवं जल को बचाना होगा।
उन्होंने कहा कि पक्षियों के संरक्षण के लिए पक्षी उत्सव मनाने की अनूठी शुरूआत वन विभाग की गई है। इस प्रकार के उत्सव मनाने से जो हमारी अरण्य संस्कृति है सिर्फ उसको बढ़ावा मिलेगा, बल्कि हम बच्चों और अन्य नागरिकों को प्रकृति से जोड़ सकेंगे। पक्षियों के संरक्षण हमारी भारतीय संस्कृति का अहम् हिस्सा है।

सिर्फ हम सुबह पक्षियों को दाना डालते हैं बल्कि हम उनके लिए गर्मियों में पानी के लिए पेड़ों पर परिंदे भी बांधते हैं। जिस प्रकार हम बच्चों की देखभाल करते हैं उसी प्रकार पशु-पक्षियों एवं अन्य वन्यजीव जंतुओं की भी देखभाल करें। पूर्व पक्षियों के अवलोकन स्थल वेटलैंड पर चर्चा करते हुए स्वामी कल्याण देव कृषि विज्ञान केंद के प्रभारी ओमवीर ने कहा कि जिस प्रकार राष्ट्रीय पक्षी विहार है।
उसी प्रकार हमारे जिले में भी पक्षियों के संरक्षण के लिए पक्षी विहार बनाने के लिए अनेक तालाब और स्थल मौजूद हैं। जहां पर स्थानीय और प्रवासी पक्षी निवास करते हैं। पक्षी उत्सव की शुरूआत इस ओर बढ़ाया एक महत्वपूर्ण कदम है। यहां पर डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से संजीव यादव, राजकीय पशुधन एंव कृषि प्रक्षेत्र के प्रबंधक, रेंजर नवरत्न सिंह, डिप्टी रेंज हरनारायण सिंह, वन दारोगा विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह
कार्यक्रम की शुरूआत सुबह स्कूली बच्चों ने वन आरक्षित जंगल स्थित भीकुंड वेटलैंड से की। जहां कस्बे में स्थित न्यू ब्लूम्स पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर के बच्चों ने देशी व विदेशी पक्षियों का देखा और उनके बारे में विस्तार से जानकारी ली। दोपहर बाद वन विभाग के कार्यालय परिसर में वन अधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में विचार गोष्टी और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिसमें बच्चों ने सेव बर्ड्स थीम, वेटलैंड, जल संरक्षण पर आकर्षक प्रस्तुति दी। चित्रकाल प्रतियोगिता में न्यू ब्लूम्स पब्लिक स्कूल की ईशा चौधरी प्रथम, वंशिका चौहान द्वितीय, वैष्णवी तृतीय तथा स्थान पर रही। वन जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार दिये गये। वहीं डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के तत्वावधान में वानिकी प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में भी चित्रकाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
बर्ड फेस्टिवल पर विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज में वर्ल्ड वेटलैंड दिवस के अवसर पर वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हस्तिनापुर, नवजीवन इंटर कॉलेज बहसूमा, मेजर आसाराम इंटर कॉलेज गणेशपुर आदि के छात्र-छात्राओं ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस प्रतियोगिता में वेटलैंड की थीम पर ड्रॉइंग कंपटीशन प्रतियोगिता आयोजित कराई गई। जिसमें कस्बे के राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों ने विनय कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आशु में दूसरे स्थान प्राप्त किया। वहीं, रविंद्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

