- बैंक के गेट पर ही बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/किठौर: बैंक से पैसे लेकर निकले रिटायर्ड फौजी से गेट पर ही मारपीट करते हुए रुपयों से भरा बैग छीन लिया गया। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना से थाना पुलिस में हड़कंप मच गया।
इंस्पेक्टर तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए बैंक में लगे कैमरों की फुटेज देखी। जिसके बाद बदमाशों को तलाशा गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ित ने दो बदमाशों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना क्षेत्र का नंगली निवासी महकार रिटायर्ड सैनिक है। बुधवार दोपहर करीब 2:00 बजे वह किठौर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर चला। बकौल महकार तभी बैंक के अंदर से दो अज्ञात व्यक्ति उसके पीछे आए और मारपीट करते हुए रुपयों से भरा बैग छीनकर रजवाहे की तरफ फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से थाना पुलिस में हडकंप मच गया। इंस्पेक्टर अरविंद मोहन शर्मा मयफोर्स तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।
जिसके बाद बदमाशों को काफी देर तलाशा गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। कैमरों की फुटेज में दो अज्ञात व्यक्ति बाइक में लगे बैग से एक अन्य बैग खींचते हुए दिख रहे हैं। बैग छीनने की सूचना पर सीओ ब्रजेश सिंह भी थाना पहुंचे और पूछताछ की। इंस्पेक्टर का कहना है कि पीड़ित ने दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।

