जनवाणी संवाददाता |
मेरठ/कंकरखेड़ा: थाना इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं और अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ सामाजिक सरोकार से भी जुड़े हुए रहते हैं। शनिवार को कंकरखेड़ा थाने में बेसहारा बच्चे अनमोल का जन्मदिन बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बच्चे के साथ केक काटा तो थाने के एसएसआई मनोज शर्मा और अन्य दारोगाओं ने फूल वर्षा करके जन्मदिन की बधाई दी।
शनिवार को कंकरखेड़ा थाने का अलग ही नजारा था। उस बेसहारा बच्चे अनमोल के चेहरे पर जीवन की खुशी अलग ही झलक रही थी। वह थाने में बहुत प्यार पा रहा था। ऐसी खुशियां देखकर उसे अकेला होने का एहसास नहीं हो रहा था। अब कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर इस बच्चे की पढ़ाई की जिम्मेदारी खुद ले रहे हैं।
सेंट पैट्रिक और तक्षशिला पब्लिक स्कूल में बच्चे की पढ़ाई के लिए बात कर ली गई है। एक तरह से कंकरखेड़ा थाने ने इस बच्चे को गोद ले लिया है। जिसकी पढ़ाई और लिखाई की जिम्मेदारी कंकरखेड़ा थाने द्वारा उठाई जा रहे हैं। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि बच्चे अनमोल के पिता अमर सिंह की कुछ समय पहले मृत्यु हो गई थी और अनमोल की मां ममता मानसिक रूप से बीमार हैं।
उसे फिलहाल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसको इलाज के लिए आगरा भेजने की तैयारी की जा रही है। इस बच्चे अनमोल के बेहतर भविष्य के लिए स्कूल में दाखिला कराया जायेगा। सेंट पैट्रिक और तक्षशिला स्कूल में एडमिशन दिलाने की बात की जा रही है। इस दौरान कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर, कस्बा चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार और एसएसआई मनोज शर्मा के अलावा अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

