- गत दिवस सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में सिपाही को लूट का विरोध करने पर मारी थी गोली
जनवाणी संवाददाता |
बागपत/बालैनी: गत दिवस पिलाना -ढिकौली मार्ग पर रोशनगढ़ के निकट बाइक सवार बदमाशों ने दिल्ली पुलिस के एक सिपाही को गोली मारकर घायल कर दिया। जिसके बाद सिपाही को गम्भीर हालत में मेरठ भर्ती कराया था। उपचार के दौरान सिपाही की मौत हो गयी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
मेरठ के गांव डालूहेड़ा निवासी मनीष दिल्ली पुलिस में सिपाही है। बताया गया है कि सोमवार की शाम वह डयूटी से अपने गांव लौट रहा था। जब वह पिलना -ढिकौली मार्ग पर रोशनगढ़ गांव के निकट पहुंचा तो दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया और लूटपाट का प्रयास किया।
सिपाही ने इसका विरोध किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी थी। सिपाही द्वारा लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मार दी थी और फरार हो गए थे। वहां से गुजर रहे लोगो ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। जिसके बाद सीओ बागपत व खेकड़ा मयफोर्स के घटना स्थल पर पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली थी।
आनन फानन में सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया था जहां से गंभीर हालत में उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। मेरठ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सिपाही ने दम तोड़ दिया।
सिपाही की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उधर, बताया जाता है कि सिपाही की पोस्टिंग एक सप्ताह पहले ही ट्रैफिक में लगी थी, उससे पहले वह वीआईपी ड्यूटी में तैनात था।
कहां है पुलिस ?
बागपत पुलिस इन दिनों अपराधियो के खिलाफ धरपकड़ का अभियान चलाकर अपराध कण्ट्रोल करने में लगी है, लेकिन सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन पूर्व सिंघावली अहीर के श्रीकृष्ना कॉलेज ऑफ एजुकेशन के डायरेक्टर रोहित यादव पर हमला हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस को की थी। लूटपाट करने का उनसे प्रयास किया था, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अगले ही दिन दिल्ली पुलिस के सिपाही को गोली मार दी। थाना क्षेत्र में बदमाश पुलिस पर हावी नजर आ रहे है।

