- अनंतनाग में पांच आतंकवादियों को किया था अकेले ढेर
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: सपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कस्बा निवासी रिटायर्ड सैनिक शौर्य चक्र विजेता अय्यूब अली को लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर प्रतीक चिन्ह व शल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कस्बे के मोहल्ला इदरीश बेग विहार कालोनी निवासी अय्यूब अली राजपुताना रायफल बटालियन में जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में लांस नायक के पद पर तैनात थे। 15 सितंबर 2018 को बटालियन को सूचना मिली कि अनंतनाग जिले के काजीकुंड गांव में एक मकान में पांच आतंकवादी छुपे हुए है।
सूचना पर कंपनी कमांडर जयपाल सिंह और लांस नायक अय्यूब अली ने सेना के जवानों के साथ मौके पर पहुंचकर मकान घेराबंदी कर आतंकवादियों को सरेंडर करने के लिए कहा था, लेकिन आतंकवादियों ने सेना के जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी थी।
फायरिंग में सेना का एक जवान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। लांस नायक अय्यूब अली अपने घायल साथी को देख तिलमिला गए थे, और अकेले हीं पांचों आतंकवादियों से भिड़ गए थे। लांस नायक अय्युब अली ने पांचों आतंकवादियों को मौके पर हीं ढेर कर दिया था।
26 जनवरी 2019 को देश के महामहिम राष्टÑपति रामनाथ कोविंद ने लांस नायक अय्युब अली को शौर्य चक्र देकर सम्मानित किया था। एक माह पूर्व सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन ने लांस नायक अय्युब अली के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी।
मंगलवार को विधायक नाहिद हसन ने लांस नायक अय्युब अली को फोन कर लखनऊ बुलाया था। बुधवार को लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग पर स्थित सपा कार्यालय पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लांस नायक अय्युब अली को प्रतीक चिन्ह व शल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान विधायक नाहिद हसन, प्रवेज खुर्रम, इंजीनियर सलीम कस्सार, रोजूदीन उर्फ गुल्लू, राशिद अली, इस्तखार आलम सहित आदि मौजूद रहे।

