- तीन सप्ताह पूर्व हुई मन्दिर में चोरी की घटना का खुलासा करने में पुलिस नाकाम
जनवाणी संवाददाता |
खतौली: शनिवार को सपा नेताओं ने दर्जनों मोहल्ले वासियो के साथ कोतवाली पहुचकर कोतवाल का घेराव किया। सपा नेताओ ने कोतवाल से मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा नही होने पर आक्रोश व्यक्त किया।
सपा नेताओं ने कहा कि नगर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कोतवाली पुलिस रोकने में नाकाम साबित हो रही है। वही कोतवाल ने आक्रोशित लोगों को शांत कर उन्हें जल्द मन्दिर में चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वाशन दिया है।
ज्ञात हो 20 दिन पूर्व चोरों ने नगर के मोहल्ला सैनी नगर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर धावा बोलकर मंदिर से लाखों रुपये की चोरी कर फरार हो गये थे। घटना से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने कोतवाली का घेराव कर पुलिस से चोरी के खुलासे की मांग की थी।
मगर तीन सप्ताह बाद मन्दिर चोरी के खुलासे को लेकर पुलिस के हाथ खाली ही है। पुलिस घटना के सम्बंध में हवा में तीर चला रही है। जिससे श्रद्धालुओं में पुलिस प्रसाशन के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। उक्त मामले को लेकर शनिवार को चोरी के खुलासे के सम्बन्ध मे समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामलाल बच्ची सैनी और सैनी नगर के गणमान्य व्यक्तियो ने खतौली इंस्पेक्टर का घेराव किया।
जल्द से जल्द मंदिर चोरी के खुलासे की मांग की। बच्ची सैनी ने इंस्पेक्टर को कहा कि चोरी की घटनाओं को लेकर नगरवासियो मे काफी आक्रोश है। नगर में आपराधिक घटनाये रुकने का नाम नही ले रही है। उन्होंने इंस्पेक्टर से जल्द जल्द मंदिर चोरी का खुलासा करने की मांग की।
इंस्पेक्टर ने आक्रोशित लोगों को शांत कर चोरी की घटना का एक सप्ताह में खुलासा करने का आश्वाशन दिया है। इस दौरान पंकज सैनी, इरशाद गुर्जर, इमरान सिद्धिकी और सैनी नगर के दर्जनों व्यक्ति उपस्थित रहे।