- लॉकडाउन को अवसर में बदलकर किया समय का सदुपयोग
- लालकुर्ती निवासीकपिल ने घर पर ही उगाए हैं आकर्षक फूलों के पौधे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: संक्रमण के कारण लगा लॉकडाउन भले ही लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना हो, लेकिन कुछ लोगों ने अपदा को अवसर में बदलने का कथन भी सत्य कर दिखाया। लॉकडाउन अवधी में सिर्फ टेलीविजन न देखकर घर पर विशेष गतिविधियों भी की गई। ऐसा ही कुछ देखने को मिला है लालकुर्ती क्षेत्र में। यहां के रहने वाले एक शख्स ने अपने घर की छत पर आकर्षक फूलों का बागीचा इस अवधि के दौरान तैयार कर दिया है। जिसमें सैकड़ों पौधे लगे हैं।
लालकुर्ती निवासी कपिल ने अपने घर की छत पर आकर्षक फूलों का बागीचा तैयार किया है। जिसमें सिर्फ सुंदर दिखने वाले फूल ही नहीं बल्कि औषधि में काम आने वाले और फंक्शन व शादियों में लगने वाले महंगे फूल भी शामिल हैं। कपिल का कहना है कि लॉकडाउन में मैंने अन्य लोगों की तरह सिर्फ वेब सीरीज और टेलीविजन ही नहीं देखा। पर्यावरण से लगाव होने के चलते यह बागीचा खुद तैयार किया।
जिसमें करीब सात सौ पौधे लगाए गए हैं। इस बागीचे में खास बात यह है कि इन पौधों को बाजार से नहीं खरीदा गया बल्कि घर पर ही बीज बोकर तैयार किया गया है। जिसकी रोजाना की देखभाल जरुरी है। जहां लॉकडाउन में लोगों ने समय बिताने के लिए सिर्फ टेलीविजन और वेब सीरीज का सहारा लिया।
वहीं, ऐसी एक्टिविटी से आपदा को अवसर में भी कुछ लोगों ने बदला है। कपिल द्वारा तैयार किए गए इस सुंदर बागीचे में गेंदें और गुलाब के अलावा करन फ्लावर और कैलेंड्यूला जैसे फूल में भी शामिल हैं। बता दें कि करन फ्लावर काफी महंगा फूल है जिसे शादी समारोह और अन्य फंक्शन में सजावट के लिए इस्तेमाल में लिया जाता है। वहीं, कैलेंड्यूला फूल एक औषधीय फूल है। जिसे होम्योपैथी में भी उपयोग में लाया जाता है।
70-80 पौधों का बना है एक फाउंटेन
इस टेरेस गार्डन में कपिल ने एक सुंदर फाउंटेन भी तैयार किया है। जिसमें करीब 70-80 पौधों को लगाया है। इसमें खास बात यह है कि इस फाउंटेन को घर के ही वेस्ट मटीरियल से तैयार किया गया है। जो कि इस बागीचे का आकर्षण का केंद्र है। इसमें चारों ओर पौधे लगाए हुए हैं और बीच में एक छोटा फाउंटेन लगाया है, जिससे पानी बहता है।

