- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के साथ-साथ होगी यूपी बोर्ड की परीक्षाएं
जनवाणी संवाददाता |
नगीना: माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा होने के चलते मंडी समिति नगीना में मतगणना व पोलिंग पार्टी रवाना होने की संभावना है। डीएम के निर्देश पर सोमवार को एसडीएम नगीना घनश्याम वर्मा व तहसीलदार हामिद हुसैन ने वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मंडी समिति परिसर का निरीक्षण किया।
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आगामी 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक होना निश्चित हैं। उधर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं भी 24 अप्रैल से शुरू होकर 12 मई तक चलेंगी। विकास खंड कोतवाली में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की प्रक्रिया (पोलिंग पार्टियों को रवाना करने तथा मतगणना) जनता इंटर कॉलेज कोतवाली देहात में होती थी, जबकि जनता इंटर कॉलेज बोर्ड परीक्षा केंद्र भी रहता है।
बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर डीएम रमाकांत पांडेय ने एसडीएम नगीना को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना करने व मतगणना के लिए वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के लिए उपयुक्त, सुरक्षित व सुविधाजनक स्थान का चयन करने के निर्देश दिए।
एसडीएम घनश्याम वर्मा ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया के लिए आदर्श मंडी समिति परिसर का निरीक्षण किया गया। जिसकी जांच रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी जा रही है। संभावना है कि डीएम की अनुमति के बाद आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

