- धामपुर के गांव चाकरपुर में वाल्मिकी समाज के उत्पीड़न का मामला
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: गांव चाकरपुर के वाल्मीकि समाज ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर दबंगों पर तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। गांव से उजाड़ने की धमकी देने पर भयभीत समाज की महिलाओं ने मकान बिकाऊ है के पोस्टर लेकर प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को गांव चकरपुर की ग्राम पंचायत भवानीपुर निवासी वाल्मिकी समाज ने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत की भूमि व तालाब पर गांव के ही दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। आरोप है कि दबंग अपनी दबंगई के बल पर वाल्मीकि समाज के लोगों को उजाड़ने चाहते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद भी अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। गांववासी ऋतु, सारिका, शिवानी, पूजा, सरोज देवी, मुन्नी आदि का आरोप है कि दबंगों ने तालाब की भूमि से उनके घरों को जाने वाले रास्ते को भी बन्द कर दिया है। गंदा पानी हर समय सड़क पर भरा रहता है।
उन्हें आने-जाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित शिकायती पत्र एसडीएम को सौंपकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उधर एसडीएम का धीरेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

