- सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई लूट की वारदात
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: कस्बे के मोहल्ला शाहचंदन निवासी व्यापारी से दिन निकलते ही सशस्त्र बदमाशों ने साठ हजार रुपये के नोटों से भरा बैग लूट लिया। व्यापारी दिल्ली से सामान खरीदने के लिए बैग में नोट भरकर घर से निकला था। लूट की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
नगर के मोहल्ला शाहचंदन निवासी आफताब आलम पुत्र रफीक अहमद आर्टिफिशियल फूलों की सप्लाई का काम करते हैं।आफताब आलम दिल्ली से प्लास्टिक के आर्टिफिशियल फूल लाकर उन्हें नगर के साथ ही निकटवर्ती कस्बों में भी सप्लाई करते हैं।
वह सुबह के समय डग्गामार बस से दिल्ली जाते हैं और शाम को डग्गामार बस में ही माल लेकर वापस लौटते हैं।मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े पांच बजे नोटों से भरा बैग लेकर वह ई-रिक्शा में सवार हो घर से अंबेडकर चौक जाने के लिए निकले थे। जब उनकी ई-रिक्शा मोहल्ला सरायरफी स्थित रहमानिया इंटर कॉलेज के पास पहुंची तभी वहां पहले से बाइक लेकर खड़े दो बदमाशों ने ई-रिक्शा रुकवाली।
बदमाशों ने आफताब आलम की कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी देते हुए नोटों से भरा बैग छीन लिया। बदमाश नोटों से भरा बैग लूटकर बाइक पर सवार हो वहां से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद व्यापारी द्वारा मचाए गये शोर से वहां पर भीड़ इकट्ठा हो गई।
दिन निकलते ही कस्बे में लूट की वारदात की खबर मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। व्यापारी द्वारा घटना की तहरीर स्थानीय कोतवाली में दी गई है। व्यापारी आफताब आलम ने बताया कि वह बैग में साठ हजार रुपये रखकर दिल्ली से माल खरीदने जा रहे थे। व्यापारी के साथ हुई लूट की वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

