Home Uttar Pradesh News Saharanpur सतर्कता बरतें और बढ़ाएं कोविड जांच का दायरा: मंडलायुक्त

सतर्कता बरतें और बढ़ाएं कोविड जांच का दायरा: मंडलायुक्त

0
सतर्कता बरतें और बढ़ाएं कोविड जांच का दायरा: मंडलायुक्त
  • बस और रेलवे स्टेशनों पर बाहर से आने वालों की हो जांच

जनवाणी संवाददाता |

सहारनपुर: मण्डलायुक्त एवी राजमौलि ने निर्देश दिए हैं कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए मंडल के सभी जिलों में कोविड (आरटीपीसीआर) जांच की संख्या को बढ़ाते हुए तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के लिए कम से कम 25 व्यक्तियों की जांच आवश्यक रूप से कराई जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसी काविड-19 मरीज के सम्पर्क में आये सभी व्यक्तियों की आरटीपीसीआर जांच अवश्य कराई जाए। उन्होंने मण्डल के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर बाहर से आने वाले व्यक्तियों की अनिवार्य जांच कराई जाए तथा इन स्थलों पर स्थाई रूप से टेस्ट टीम की तैनाती की जाए।

एवी राजमौलि ने शनिवार को मण्डल के सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को इस आशय के आदेश जारी किये। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रतिदिन कोविड-19 की स्थिति और बचाव के लिए कार्ययोजना पर विचार कर समुचित निर्णय लें।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि फोकस टेस्टिंग में नियत टारगेट ग्रुप की जांच कराई जाए। कोविड-19 के बचाव के लिए सरकारी कर्मियों के वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचनाओं का प्रसारण किया जाए। साथ ही जिले के एक अस्पताल को कोविड अस्पाताल के रूप में प्रयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि स्वास्थकर्मी और फ्रंट लाइन वर्कर्स का शत प्रतिशत टीकाकरण किया जाए। मण्डलायुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि टीकाकरण की गति को बढ़ाया जाए। कारागार में निरुद्ध बंदियों की भी टीकाकरण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वैक्सीन का दुरूपयोग न होने पाये।

पहले प्राप्त हुई वैक्सीन का प्रयोग पहले किया जाए। निर्धारित तिथि पर टीकाकरण करने के लिए सरकारी और निजी वाहनों का प्रयोग किया जाए। टीकाकरण के कार्य में आवश्यकता अनुसार जनप्रतिनिधियों की भी मदद ली जाए।यह भी निर्देश दिए कि कोविड-19 के पालन के लिए एक सप्ताह का अभियान चलाया जाए।

आम जनता को कोविड के प्रति जागरूक करते हुए भीड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोविड संक्रमण को रोकने के लिए आवश्यकता पड़ने पर कंटेनमेंट जोन व्यवस्था लागू करने पर विचार किया जाए।