- बचत भवन में हुयी जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बचत भवन में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुये अपर जिलाधिकारी प्रशासन मदन सिंह गर्ब्याल ने कहा कि विद्यालय के वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के पास अपने ड्राइविंग लाइसेंस हो यह सुनिश्चित किया जाये तथा उनका चरित्र सत्यापन भी आवश्यक रूप से कराएं। यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करें तथा नियमों का पालन न करने वालों पर अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करें।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने कहा कि सभी विद्यालयों में विशेषकर उन विद्यालयों में जिनके पास वाहन सुविधा है। विद्यालय के वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के पास अपने ड्राइविंग लाइसेंस हो यह सुनिश्चित किया जाये तथा उनका चरित्र सत्यापन भी आवश्यक रूप से कराएं। सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह यह सुनिश्चित करें कि जनपद में ओवरलोडेड वाहन व अपंजीकृत व अवैध वाहनों का संचालन न हो।
विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को विद्यालय तक छोड़ने व लाने वाले वाहनों में निर्धारित सीट के अनुसार ही विद्यार्थियों को बैठाया जाये। स्कूल खुलने व बंद होने के समय चौराहों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस तैनात रहे। सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह ने कहा कि विद्यालय प्रबंधक विद्यार्थियों के अभिभावकों को बुलाकर समझाये कि वह अपने बच्चों को बाइक न दें वे उन्हीं बच्चों को बाइक दें, जिन पर ड्राइविंग लाइसेंस हो तथा स्कूल बसों के संचालकों को निर्देश दिये कि सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य कराये।
सड़क सुरक्षा जागरूकता के संबंध में जनपद के बेसिक एवं माध्यमिक स्कूलो में कार्यरत शिक्षकों की ऑनलाइन ट्रेनिंग करायी जाये। स्कूली वाहन को फिटनेस के उपरान्त ही चलाया जाये। इस अवसर पर सहायक नगरायुक्त इन्द्र विजय, बीएसए सत्येन्द्र कुमार, सीओ ट्रैफिक आशीष शर्मा सहित अन्य अधिकारी, एनजीओ प्रतिनिधि व ट्रांसपोर्ट यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

