- पीड़िता ने की कप्तान से शिकायत, वायरल करने की धमकी देकर किया जा रहा ब्लैक मेल
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: लेडीज़ सूट पर हैंड वर्क करने वाली माहिला को मजदूरी का भुगतान करने के बहाने एकांत में बुलाकर दो युवकों ने तमंचे के बल पर उसके कपड़े उतरवा कर अश्लील फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। महिला ने कप्तान को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही गुहार लगाई है।
यह सनसनीखेज मामला थाना क्षेत्र के गांव महलका निवासी एक महिला के साथ पेश आया है। कप्तान को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला ने बताया है कि वह पिछले कई वर्षों से लेडीज सूट पर गांव में खुद व बच्चों से हैंड वर्क करके मजदूरी करती है। मजदूरी के लिए वह मेरठ शहर के लिसाड़ी गेट थाना अंतर्गत अहमद नगर गली नंबर 3 निवासी स्वर्गीय सभासद का काम लेकर आती थी।

लॉकडाउन में नगर निगम से उसका पास भी बनवाकर दिया था। महिला ने बताया कि सभासद की मौत के बाद उसका पुत्र तथा उसके पार्टनर उससे मजदूरी कराते आ रहे थे, जिसका करीब पौने दो लाख रुपए उनपर बकाया चल रहा है। महिला ने बताया कि वह मजदूरी के रुपए लेने पहुंची तो आरोपियों ने उसे उधार की पर्चियों का मिलान करने के बहाने एकांत में बुला लिया।
इसके बाद स्वर्गीय सभासद के दो पार्टनरों ने पटना ने तमंचे के बल पर आतंकित करते हुए महिला के कपड़े उतरवा दिए। आरोपियों ने महिला को भयभीत करके मोबाइल से उसकी नग्न फोटो खींच ली। आरोपियों ने बकाया रुपए मांगने पर अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे डाली। महिला को जुबान बंद रखने की भी धमकी दी गई। पीड़ित महिला ने कप्तान को प्रार्थना पत्र देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई है। कप्तान ने इस संबंध में फलावदा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

