जनवाणी संवाददाता |
कैराना: दिल्ली से नगर के एक मोहल्ले में बारात आई हुई थी। बारातियो द्वारा डीजे बजाया गया। जिसके बाद मस्जिद के पेश इमाम ने निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया। देर रात तक बारातियो द्वारा गलती मानने के बाद दूसरे मौलाना ने निकाह पढ़ाया।
रविवार को दिल्ली के जगतपुरी से नगर के मोहल्ला खेलकला में बारात आई हुई थी। जैसे ही बारात लड़की पक्ष के घर पर पहुंची। तभी बारात के साथ लाए गए डीजे को बजाया गया। डीजे बजाने के बाद लड़की पक्ष व बारातियों द्वारा ईदगाह वाली मस्जिद के पेश इमाम कारी सुफियान से निकाह पढ़ाने का की मांग की गई।
जिसके बाद कारी सुफियान ने बारात में डीजे बजाने की बात कहते हुए निकाह पढ़ाने से साफ इनकार कर दिया। शादी में डीजे बजाने के खफा कारी द्वारा निकाह पढ़ाने से इनकार करने की सूचना पर ईदगाह वाली मस्जिद में जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलाना ताहिर व मोहल्ले के कुछ जिम्मेदार लोग पहुंचे।
शाही इमाम मौलाना ताहिर व जिम्मेदार लोगों के सामने बारातियों व लड़की पक्ष द्वारा गलती मानी गई तथा आइंदा से शादी में डीजे न बजाने की बात कही। बाद में रात करीब 11 बजे दूसरे मौलाना द्वारा दूल्हे दुल्हन का निकाह पढ़ाया। निकाह पढ़ाने के बाद दिल्ली से आई बारात दुल्हन के साथ वापस लौट सकी।

