जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: चंडीगढ में आयोजित हुई सब जूनियर कैडेट एंड जूनियर ग्रीको रोमन नेशनल रेसलिंग चैंपियनशिप में छपरौली के पहलवान अरशद ने शानदार प्रदर्शन किया। अरशद ने इस चैंपियनशिप में रजत पदक प्राप्त करते हुए जनपद बागपत का नाम एक बार फिर से रोशन कर दिखाया।
चंडीगढ यूटी रेसलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में यह चैंपियनशिप 25 मार्च से 27 मार्च तक आयोजित हुई। इस चैंपियनशिप में छपरौली के आर्य व्यायामशाला के पहलवान अरशद ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिभाग किया। अरशद ने इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया।
अरशद फाइनल में स्वर्ण पदक प्राप्त करने से चूक गए। बागपत कुश्ती संघ के सचिव कृष्णपाल खलीफा ने जानकारी देते हुए बताया कि अरशद इससे पहले भी देश-विदेश में अनेकों पदक प्राप्त कर चुका है। चंडीगढ से लौटने के बाद उसका आर्य व्यायामशाला पर स्वागत एवं सम्मान भी किया जाएगा।