- संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाके पुलिस फोर्स के रहेंगे हवाले
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: होली और शब-ए-बरआत त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को एडीजी राजीव सब्बरवाल, आईजी जोन प्रवीण कुमार, एसएसपी अजय साहनी, एडीएम सिटी अजय तिवारी व एएसपी सूरज राय ने फ्लैग मार्च निकाला। वहीं, दूसरी ओर अतिसंवेदनशील और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
फ्लैग मार्च में अफसरोें के काफिले के पीछे भारी पुलिस फोर्स चल रहा था। एएसपी सदर ने बताया कि त्योहारों पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जनता खासतौर से व्यापारी वर्ग से सहयोग की अपील की गयी। फ्लैग मार्च बेगमपुल, आबूलेन, शिव चौक बोम्बे बाजार, लालकुर्ती से होता होकर गुजरा। कई स्थानों पर व्यापारियों ने अधिकारियों का स्वागत किया।
रविवार को होलिका दहन व शबरात के पर्व को देखते हुए शहर के कई स्थानों पर फोर्स लगाया गया है। इनमें हापुड़ स्टैंड, एसके रोड इमलियान चौराहा, भूमिया का पुल, प्रहलाद नगर-इस्लामाबाद, गोलाकुआं, कोतवाली, रशहर घंटाघर, शारदा रोड सरीखे कई अन्य इलाके भी शामिल हैं। अधिकारियों ने त्योहार के मौके पर आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की है। नायब शहरकाजी जैनुरराशद्दीन ने भी संयम के साथ इबादत की अपील की है।

