- मार्ग चौडीकरण के लिए शासन से 10 लाख हुए अवमुक्त
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: झिंझाना वाया ऊन थानाभवन मार्ग के चौड़ीकरण को गन्ना मंत्री सुरेश राणा का प्रयास सफल रहा। शासन ने सड़क मार्ग के चौड़ीकरण प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए धनराशि भी जारी कर दी है।
ऊन तहसील क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाने वाली झिंझाना वाया ऊन थानाभवन मार्ग को लगातार चौड़ीकरण कराने हेतु गन्ना मंत्री सुरेश राणा प्रयासरत रहे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के झिंझाना आगमन पर भी यह मांग रखी गई थी। गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा के लगातार प्रयास के कारण लोक निर्माण विभाग ने करीब 2 माह पूर्व सड़क के चौड़ीकरण का एस्टीमेड शासन को भेजा गया था।
जिसके बाद शासन ने करीब 30.90 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव जिसकी स्वीकृत लागत 5785.8 लाख प्रस्तावित है को मंजूरी दे दी गई तथा 50 लाख रुपए की धनराशि भी जारी की गई है। ज्ञात हो कि यह मार्ग 7 मीटर चौड़ा बना है। चौड़ीकरण प्रस्ताव के बाद यह मार्ग 10 मीटर की चौड़ाई का हो जाएगा। जिसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसचिव राजेश कुमार पांडे ने प्रमुख अभियंता विकास एवं विभागाध्यक्ष पीडब्ल्यूडी लखनऊ को पत्र भेजकर जानकारी दी है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शामली को भी पत्र भेजा गया है। शासन द्वारा धनराशि जारी करने के साथ ही सड़क के निर्माण का कार्य शीघ्र ही शुरू हो जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण के प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही क्षेत्र के लोगों को भारी लाभ होगा जिससे तहसील व जिला मुख्यालय तथा हरियाणा आने जाने वाले यात्रियों को भी समय व धन की बचत होगी। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रविंद्र सिंह ने बताया कि सड़क के चौड़ीकरण प्रस्ताव को शासन द्वारा स्वीकृति दी गई है तथा 50 लाख रुपए की धनराशि भी जारी की गई है।

