- फोटो के बारे में पुलिस ने अजीम से की पूछताछ
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: छोटे कद वाले अजीम मंसूरी की शादी की हसरत तो अभी पूरी भी नहीं हुई है लेकिन उससे पहले ही वह नई मुसीबत में पड़ सकताहै। क्योंकि उनका एसएलआर राइफल लिए एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिस पर पुलिस ने अजीम मंसूरी से पूछताछ प्रारंभ कर दी है। हालांकि फोटो पुराना लग रहा है।
कैराना नगर के मोहल्ला जोडवा कुआं निवासी छोटे कद वाले अजीम मंसूरी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। शनिवार को सोशल मीडिया पर 2 फीट 6 इंच कद वाले अजीम मंसूरी का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें अजीम मंसूरी एक राइफल अपने हाथों में पकड़े हुए हैं। इस मामले में अजीम मंसूरी के चाचा निसार मंसूरी ने बताया कि लगभग 8 वर्ष पूर्व 2013 में बाजार में एक शोभायात्रा निकल रही थी।
उसी दौरान कुछ पुलिसकर्मी व पीएसी के जवान बाजार में गश्त कर रहे थे तथा उनके मकान के नीचे चाय की दुकान पर पीएसी के कुछ जवान चाय पी रहे थे। अजीम मंसूरी भी बाजार में घूम रहा था। तभी पीएसी के एक जवान ने अजीम मंसूरी का छोटा कद देख कर प्यार में अजीम मंसूरी को अपनी राइफल पकड़ा दी थी। उस समय मोबाइल से उसका फोटो खींच लिया था।
फोटो खींचने के बाद जवान ने अपनी राइफल वापस ले ली थी। वहीं अजीम मंसूरी का राइफल के साथ फोटो वायरल होने के बाद कोतवाली में बुलाकर पुलिस ने अजीम से पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस को अजीम ने सारी बात बताई।
उधर, मामले में कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा ने बताया कि छोटे कद वाले अजीम मंसूरी का राइफल के साथ सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हो रहा था। जिसके संबंध में अजीम से पूछताछ की गई तो पता चला कि 2013 में पुलिस फोर्स के किसी जवान ने अजीम को खुश करने के लिए अपनी राइफल के साथ उसका फोटो खींच लिया था, जो अब वायरल हो रहा है। पूछताछ के बाद अजीब को घर भेज दिया गया है।

