जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों के मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद आईसीसी के ‘महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार’ के लिए नामांकित हुए क्रिकेटरों में शामिल किया गया है। आईसीसी ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में पुरुष और महिला दोनों क्रिकेटरों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए नामांकित किया।
भुवनेश्वर के अलावा पुरुष वर्ग में अन्य खिलाड़ियों में अफगानिस्तान के शीर्ष लेग स्पिनर राशिद खान और जिम्बाब्वे के सीन विलियम्स शामिल हैं। महिलाओं के वर्ग में भारत की राजेश्वरी गायकवाड़, दक्षिण अफ्रीका की लिजले ली और भारत की पूनम राउत शामिल हैं। पिछले महीने भुवनेश्वर ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे खेले थे जिसमें उन्होंने 4.65 के इकोनोमी रेट से छह विकेट चटकाए।
उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी-20 मैच भी खेले थे जिसमें उन्होंने 6.38 के शानदार इकोनोमी रेट की बदौलत चार विकेट हासिल किए। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई सफेद गेंद की सीरीज में वह दोनों टीमों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। राशिद ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी टीम की जीत के दौरान 11 विकेट झटके और इसके बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 3-0 की जीत में छह विकेट भी हासिल किए।

