- रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह ने जारी किया बयान
- कहा, पार्टी समर्थित प्रत्याशी की बगावत पर होगी सख्त कार्रवाई
- पार्टी समर्थित ही प्रयोग कर सकते हैं पार्टी हाईकमान के फोटो
मुख्य संवाददाता |
बागपत: रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह ने जिला पंचायत सदस्यों द्वारा लगाए जा रहे पार्टी के झंडे व हाईकमान के फोटो पर आपत्ति जताते हुए कहा कि अगर कोई पार्टी समर्थित प्रत्याशी नहीं है और वह इस तरह की हरकत करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
पार्टी से घोषित समर्थित प्रत्याशी पार्टी हाईकमान व पार्टी पदाधिकारियों के फोटो व झंडे का प्रयोग कर सकते हैं। अगर एक वार्ड पर पार्टी समर्थित प्रत्याशी के सामने कोई रालोद का नेता उम्मीदवारी की दावेदारी करता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ बगावत करना संबंधित को भारी पड़ेगा।
रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह ने शनिवार को बयान जारी करते हुए सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए जुट जाएं।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि रालोद ने जिला पंचायत सदस्य पद पर 20 में से 17 वार्डों पर समर्थित प्रत्याशी उतारे हैं। सभी प्रत्याशियों को पार्टी का झंडा, पार्टी के झंडे कर रंग, पार्टी के हाईकमान यानी चौधरी अजित सिंह, जयंत चौधरी के अलावा जनपदीय पदाधिकारियों के फोटो प्रचार सामग्री पर प्रयोग करने की अनुमति है। इसके अलावा जो समर्थित प्रत्याशी नहीं है उसे किसी भी तरह की प्रचार सामग्री पर उक्त की अनुमति नहीं है।
वह चौधरी अजित सिंह, जयंत चौधरी, जिला पदाधिकारियों के फोटो बिना अनुमति के प्रयोग नहीं करेगा। जिस वार्ड पर रालोद ने अपना समर्थित प्रत्याशी उतार रखा है और वहां कोई दूसरा भी वही फोटो प्रयोग करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ बगावत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे हैं जो पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के सामने ही चुनावी मैदान में है, उनकी सूची तैयार कर पार्टी हाईकमान को भेजी जा रही है। जिसके बाद सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन्हें पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है उनके लिए जुटना चाहिए। उनके खिलाफ लड़ने वालों पर अवश्य कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे भी प्रत्याशी है जिनका पार्टी से कोई लेना देना नहीं है और वह भी पार्टी रालोद के झंडे व पार्टी हाईकमान के फोटो प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई कराई जाएगी। जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह ने कहा कि रालोद अधिकांश वार्डों पर विजयी रहेगी।

