जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक-वी के इस्तेमाल लिए सोमवार को एक्सपर्ट कमेटी की एक बैठक हुई। सूत्रों के हवाले से अब जानकारी आ रही है कि स्पूतनिक-वी वैक्सीन के इस्तेमाल को मंजूरी मिल गई है।
राजस्थान कोरोना वायरस रोधी टीके की एक करोड़ से अधिक खुराकें लोगों को लगाने वाला देश का दूसरा राज्य बन गया है। राजस्थान ने सोमवार सुबह तक टीके की एक करोड़ खुराकें लगाने का आंकड़ा पार कर लिया। राज्य के चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने टीके की एक करोड़ से अधिक खुराकें लगाने के लिए राज्य के चिकित्सा कर्मिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक ली। साथ ही लोगों से टीका लगवाने की अपील भी की। सिंह को पिछले महीने टीके की पहली खुराक दी गई थी। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने ट्वीट किया, ‘ पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कोविड-19 टीके की दूसरी खुराक ली। साथ ही एक बार फिर पात्र व्यक्तियों से आगे आकर अपनी, अपने परिवार एवं समाज की सुरक्षा के लिए टीका लगवाने की अपील की।’
भूटान में टीकाकरण अभियान की शुरुआत के पहले दिन से लेकर अब तक टीकाकरण का ग्राफ हर दिन ऊपर की तरफ ही बढ़ रहा है और यह तेजी से टीका लगाने के लिए जाने जा रहे इजराइल, अमेरिका, बहरीन और अन्य देशों से आगे निकल चुका है। देश में महज 16 दिनों के भीतर 93 फीसदी वयस्कों को कोविड-19 रोधी टीका लगाया जा चुका है।
कोरोना वायरस: ओडिशा में संक्रमण के 1,741 नए मामले, संक्रमितों की कुल संख्या 3.5 लाख के पार
ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,741 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या सोमवार को 3.5 लाख से पार हो गई तथा दो और लोगों की मौत हो जाने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 1,928 हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस से अब तक 3,51,302 लोग संक्रमित हो चुके हैं। संक्रमण के नए मामले सभी 30 जिलों में सामने आए हैं और पिछले 24 घंटे में संक्रमण से नुआपाड़ा में दो लोगों की मौत हुई।
जापान में होने वाले ओलंपिक खेलों के पहले कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए देश में सोमवार से कड़े नियम लागू किए गए। देश में एक प्रतिशत से कम लोगों को संक्रमण रोधी टीका लगा है। जापान में टीकाकरण की शुरुआत चिकित्सा कर्मियों को टीका लगाने के साथ हुई थी और सोमवार को यहां बुजुर्ग नागरिकों को टीका लगना शुरू हुआ। देश के 120 स्थानों पर ये टीके लगाए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को कहा कि केजरीवाल सरकार ने केंद्र सरकार को एक बार फिर यहां के अस्पतालों में कोविड बेड बढ़ाने के लिए पत्र लिखा है।
केंद्रीय मंत्री ने लगवाई दूसरी डोज
देश कोरोना की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। साथ ही संक्रमण की फेफड़ों को नुकसान पहुंचाने की रफ्तार भी तेजी से बढ़ी है। विशेषज्ञों के मुताबिक दूसरी लहर यानी कोरोना संक्रमण का नया स्ट्रेन 2-3 दिन में ही फेफड़ों को 50-70 प्रतिशत संक्रमित कर देता है। जबकि पहली लहर में इसमें करीब 7 दिन का वक्त लगता था। अब देखा जा रहा है कि दो से तीन दिन में ही वायरस फेफड़ों तक पहुंच कर क्षतिग्रस्त कर रहा है। इस वजह से मौतों की संख्या भी बढ़ रही है।
नीदरलैंड्स: जिन्हें टीका लग चुका, वही घूम सकते हैं
नीदरलैंड्स सरकार पर्यटन स्थलों पर लगी पाबंदियों में ढील देकर पता लगा रही है कि लोग घूमने के लिए बाहर जाना चाहते हैं या नहीं। डच सरकार ने शनिवार को थीम पार्क और गार्डन समेत कई पर्यटन स्थल खोले, जहां करीब 2000 से ज्यादा लोग पहुंचे। हालांकि, डच सरकार ने सिर्फ उन्हें ही बाहर निकलने की अनुमति दी जिन्हें वैक्सीन लग चुकी है।
हमारा कोरोना टीका कम असरदार: चीन
चीन के रोग नियंत्रण केंद्र के निदेशक गाओ फू ने माना कि चीन के टीकों में बचाव दर बहुत ज्यादा नहीं है। गाओ ने कहा कि समस्या से निपटने का एक विकल्प यह भी है कि अलग-अलग तकनीक वाले टीकों का इस्तेमाल किया जाए। चीन के बाहर भी एक्सपर्ट्स इस विकल्प को लेकर अध्ययन कर रहे हैं।
फ्रांस: 55 से कम उम्र वालों को मिक्स्ड डोज
फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने देश में 55 साल से कम उम्र के लोगों के लिए टीके की मिक्स डोज का सुझाव दिया है। ये सुझाव उनके लिए है, जिन्हें टीके का दूसरा डोज लगना है। दूसरी ओर, जर्मनी में भी 60 साल से कम उम्र वाले लोगों के लिए टीके की मिक्स्ड डोज लगाने की तैयारी की जा रही है।
दुनिया में कोरोना केस 13.6 करोड़ के पार
दुनिया में कोरोना केस बढ़कर 13.6 करोड़ से अधिक हो गए हैं। मौतों का आंकड़ा 29.4 लाख को पार कर गया है। 31,869,996 मामले और 5,75,595 मौतों के साथ अमेरिका सर्वाधिक कोरोना प्रभावित देश है। वहीं 13,445,006 मामलों और 351,469 मौतों के साथ ब्राजील दूसरे नंबर पर है।
झारखंड में सामने आए कोरोना वायरस के 2296 नए मामले
झारखंड में 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 2296 नए मामले सामने आए, जबकि 21 और मरीजों की मौत हो गई। राज्य में रविवार को कुल मामले 139384 हो गए, जबकि मृतकों की कुल संख्या 1213 तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। इस रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में अबतक 124238 मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 13933 मरीजों का इलाज चल रहा है।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के एक विधायक कोरोना संक्रमित
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश विधानसभा में शिमला (ग्रामीण) सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने कहा कि वह संक्रमित पाए गए हैं और पृथकवास में हैं।

