- 10 हजार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर किया मुस्तैद
वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव गुरुवार को कड़े सुरक्षा चक्र में सकुशल संपन्न हो गया। बड़गांव को छोड़कर कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हर केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स लगाया गया था और जनपद को कई जोन, सेक्टर और क्लस्टर में बांटा गया था। आला अधिकारी घूम-घूम कर प्रत्येक स्थिति का जायजा लेते रहे। कड़े बंदोबस्त होने के चलते गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करने वालों के मंसूबे भी धरे के धरे रह गए।
त्रिस्तरीय पंचायत मतदान सकुशल संपन्न कराने को पुलिस प्रशासन ने तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। जिले भर में करीब 10 हजार जवान ड्यूटी पर तैनात किए गए थे। एक रोज पहले बुुधवार को एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा ने पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए थे।
आला अधिकारियों में कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसएसपी, एसपी सिटी और एसपी देहात ने विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा भी लिया। खासकर संवदेनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी गई। कुछ जगह छुटपुट घटनाओं को छोड़कर बाकी सभी जगह मतदान कार्य कड़ी सुरक्षा चक्र में सकुशल संपन्न हो गया।
एक बूथ पर चार, दो या उससे ज्यादा पर रहे आठ सुरक्षाकर्मी
एक बूथ वाले मतदान केंद्र पर एक उपनिरीक्षक, दो कांस्टेबल और एक पीएसी का जवान तैैनात रहा। दो बूथ वालों पर एक निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, तीन कांस्टेबल, दो पीएसी के जवान और अर्द्घ सैनिक बल का जवान मुस्तैद रहे।
यह रहे अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्र
पुलिस प्रशासन ने सामान्य और अतिसंवेदनशील श्रेणी के मतदान केंद्रों को चिह्नित किया गया था। सर्वाधिक 103 मतदान केंद्र गंगोह ब्लाक क्षेत्र में अतिसंवेदनशील थे। वहीं दसरी नंबर पर देवबंद में 82, रामपुर मनिहारान क्षेत्र में 63 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील श्रेणी में रहे सबसे कम 13 मतदान केंद्र नानौता क्षेत्र में अतिसंवेदनशील रहा
यह रही फोर्स की स्थिति
- पांच कंपनी पीएसी
- एक कंपनी सीआपीएफ
- एएसपी — 05
- सीओ —– 12
- निरीक्षक — 60
- उपनिरीक्षक — 850
- हेड कांस्टेबल — 400
- कांस्टेबल — 3500
- चौकीदार —- 884
- होमगार्ड —- 200
एसएसपी डा. एस चन्नप्पा ने बताया कि संवदेनशील व अतिसंवदेनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी गई। मतदान के लिए 11 जोन, 113 सेक्टर और 151 कलस्टर बनाए गए थे।

