- रेलवे ट्रैक पर घायल मिले युवक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: कस्बे के निकट गजरौला रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आकर घायल हुए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव बनौली की मडय्यो निवासी पवन 28 वर्ष पुत्र होराम सिंह बुधवार की शाम घर से गजरौला जाने के लिए कहकर निकला था। पवन रात्रि में चांदपुर से गजरौला जाने वाली रेलवे ट्रैक पर कस्बे के निकट स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे घायल अवस्था में पड़ा मिला था।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को इलाज के लिये सीएचसी स्याऊ भिजवा दिया था। सूचना मिलने पर रात्रि में ही युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए थे। चिकित्सक ने घायल की हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। परिजन घायल को इलाज के लिए बिजनौर ले गए थे। जहां रात्रि में ही इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

