जनवाणी संवाददता |
खेकड़ा: अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ खेकड़ा के तत्वाधान में आदि शंकराचार्य का प्राकट्य दिवस मनाया गया। कोतवाली परिसर में पीपल, नीम, बड़ के पौधे लगाए गए। इस अवसर नगर में 108 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। अखिल भारतीय धर्म संघ के तत्वावधान में सोमवार को आदि शंकराचार्य का प्राकट्य दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह ने पीपल का पौधा लगाकर किया। पौधारोपण से पूर्व आदि शंकराचार्य के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों व उनके दर्शाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते धर्मसंघ के वरिष्ठ महामंत्री उमेश शर्मा ने कहा कि आज शंकरा अवतार आदि शंकराचार्य प्राकट्य दिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया गया।
आदि शंकराचार्य ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्र को प्रकृति के माध्यम से भी एक सूत्र में जोड़ने का प्रयास किया था। उन्होंने भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए चारों दिशाओं में चारपीठों की स्थापना की थी। उन्होंने कहा कि धर्मसंघ द्वारा आदि शंकराचार्य जयंती के पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागृत करने का कार्य किया है। पेड़ पौधों से वातावरण शुद्ध होता है।
कार्यक्रम में अतिथियों को आदि शंकराचार्य का चित्र और तिथि पत्रिका भेंट की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेंद्र कौशिक व महामंत्री उमेश शर्मा ने संचालन किया। इस अवसर पर पवन गौड़, देवेंद्र शर्मा डब्बूमैम्बर, गजेंद्र कौशिक, एडो सुधीर धामा, सभासद, मोनू धामा, विशाल शर्मा, अनुज कौशिक, मनु कौशिक आदि मौजूद रहे।

