- दैनिक जनवाणी में खबर छपते ही गांव में स्वास्थ्य विभाग ने कराई जांच
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: क्षेत्र के गांव नगला काटर में सिलसिलेवार हो रही मौत की खबर प्रकाशित होते ही गांव पहुंची टीम को जांच के दौरान दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं।दोनों केस कोरोना की चपेट में आकर मौत का शिकार हुए ग्रामीण के परिवार में मिले हैं। टीम द्वारा दो दर्जन से अधिक लोगों की जांच की गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
गौरतलब है कि गांव नंगला काटर में पिछले दिनों से चल रहे मौत के सिलसिले में अब तक करीब एक दर्जन लोग जान गवा चुके हैं।यह बात दीगर है कि सभी मृतकों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है।शासन के निर्देश पर गांव में आशा द्वारा किए गए सर्वेक्षण में दर्जन भर लोग खांसी व बुखार से पीड़ित पाए गए थे।गांव में लगातार मौत का सिलसिला चलने से ग्रामीणों का खौफ उस वक्त और बढ़ गया जब मतगणना ड्यूटी से संक्रमित होकर लौटे अमरपाल की कोरोना से मौत हुई।

इसके अलावा गांव के ही भोपाल पुत्र श्यामलाल, बाला पत्नी बलजोर तथा रोहतास की भी कोरोना से मौत हुई है। नंगला काटर में भयावह मौत के सिलसिले की खबर दैनिक जनवाणी द्वारा 17 मई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की गई। यह मामला अखबार में सुरखी बनते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंच गई।
टीम द्वारा की जांच के दौरान मृतक रोहतास के परिवार में दो बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें होम आइसोलेशन कर दिया गया है।नए पॉजिटिव केस सामने आने से ग्रामीणों में खौफ का माहौल बना हुआ है।डॉ विपिन वार्ष्णेय ने बताया कि मंगलवार को गांव में 25 लोगों की जांच की गई है।

