- आनलाइन मुशायरे में दुनियाभर के 500 कवि होंगे शामिल
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शायरी का वर्ल्ड रिकार्ड बनाने को दुनियाभर के शायरों में शामली के मशहूर शायर प्रदीप मायूस को एक बार फिर इंडिया बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल होने का अवसर मिला है। 120 घंटे आनलाइन लगातार चलने वाले इस काव्यपाठ, मुशायरे में देश, विदेश के 500 शायरों व कवियों के बीच शहर के शायर प्रदीप मायूस भी अपना कलाम पेश कर शहर का नाम रोशन करेंगे।
कोविड-19 महामारी के बीच तारीफ नियाजी अपने प्रोडक्शन कंपनी थीम मेकर्स प्रोडक्शन के द्वारा इंडिया बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराने के लिए 08 जून से इंडिया फाइट अगेंस्ट कोरोना शीर्षक से 120 घंटे के आनलाइन लगातार काव्यपाठ का आयोजन किया जाएगा।
इस कवि सम्मेलन/मुशायरे में दुनिया भर के 500 कवि/शायर भाग लेंगे। प्रदीप मायूस ने बताया कि 11 जून को 11 बजे वह अपना कलाम पेश करेंगे। प्रदीप मायूस ने बताया कि विश्व मे सबसे लंबे चलने वाले इस मुशायरे में फरहान वास्ती दुबई, ताहिर फराज इंडिया, अजहर इनायती इंडिया, ख्वाजा खतीब यूएसए, रहमान फारिस पाकिस्तान मुख्य अतिथि रहेंगे।

