जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के आह्वान पर बिजनौर जनपद के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने कोरोना के चलते चुनाव, कालेज ड्यूटी में अपनी जान गंवाने वाले प्रदेश के समस्त शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को अपने अपने निवास पर मोमबत्ती जलाकर श्रृद्धांजलि अर्पित की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
जनपद के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सायं को अपने निवास पर मोमबत्ती व दीपक जलाकर ज्ञात अज्ञात दिवंगत शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान दी गई शहादत को नमन किया तथा प्रदेश सरकार से ऐसे दिवंगत आत्मा को शहीद का दर्जा देते हुए आश्रित परिवार को सम्मान जनक मुआवजा व आश्रित को नौकरी, उनके समस्त देयकों का समय से भुगतान कराने की मांग की गई।
शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने इस दौरान दिवंगत हुए सेवानिवृत्त शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी श्रृद्धांजलि अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। संघ के जिलाध्यक्ष व प्रदेश संयोजक मुकेश सिन्हा ने बताया संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा व महामंत्री संजय पुंडीर के निर्देशन में जनपद बिजनौर सहित प्रदेश भर में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के द्वारा श्रृद्धांजलि अर्पित करने के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने बताया इस माह प्रत्येक जनपद के संगठन की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पंजीकृत डाक से एक मांग पत्र भेजा जाएगा जिसमें संगठन की लंबित मांगों शिक्षक पद पर पदोन्नति, अवकाश न कदीकरण चिकित्सा सुविधा, प्रबंध समिति में भागेदारी, नियुक्ति पर रोक हटाने, पदोन्नति में सीसीसी की बाध्यता समाप्त करने सहित सेवानिवृत्त और दिवंगत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के समस्त देयकों का समय से भुगतान, आश्रित को नौकरी व करोना में जान गवाने वाले शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सम्मान जनक मुआवजा देने की मांग की जाएगी।
उन्होंने जनपद के सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से एकजुट होकर संगठन के बैनर तले रहकर कर्मचारी हित में समर्पित रहने की अपील की है। मोमबत्ती जलाकर श्रृद्धांजलि देने वाले शिक्षणेत्तर कर्मचारियों में अरुण कुमार, नवनीत कुमार, रामचरण सिंह,रमन सिंह,प्रशांत कुमार, योगेश कुमार,अनुज चतुर्वेदी ,आदि शामिल रहे।

