- अवरोध पैदा करने पर एसडीएम ने कार्रवाई को चेताया
जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: दुर्गा विहार कॉलोनी बाईपास स्थित सड़क चौड़ीकरण में बाधा पैदा करने वालों को एसडीएम ने सख्त हिदायत देते हुए पुन: निर्माण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
प्रयास हॉस्पिटल के सामने से दुर्गा बिहार बाईपास होते हुए उस्मानी मार्बल तक सड़क का चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराये जा रहे निर्माण स्थल पर पिछले दिनों मोहल्ला काहरान मछली बाजार निवासी एक व्यक्ति ने उस्मानी मार्बल के निकट मानक को दर किनार कर मार्ग पर ही अवैध निर्माण कर लिया था। जबकि नियमानुसार मध्य सड़क के छह मीटर दोनों तरफ निर्माण कार्य की अनुमति नहीं होती।
इसके बावजूद एक भूस्वामी ने सड़क पर ही अतिक्रमण करते हुए निर्माण कर लिया था। इस मामले में शिकायत होने पर बीते दिनों एसडीएम ने निर्माण कार्य पर करीब आठ माह पूर्व रोक लगा दी थी। इन दिनों इस सड़क का चौड़ीकरण करने के लिए निर्माण शुरू हो गया है। इस निर्माण को देखते हुए अवैध कब्जाधारी ने अपने प्लॉट पर एक बार फिर से निर्माण कार्य कराना शुरू कर दिया था।
इस मामले की शिकायत होने पर एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने विनियमित क्षेत्र से नोटिस जारी कराते हुए अवैध निर्माण पर रोक लगाने के निर्देश दे दिए। एसडीएम के निर्देश के बाद विनियमित विभाग ने मौके पर जाकर अवैध निर्माण पर रोक लगा दी। एसडीएम के आदेश से अवगत कराते हुए दोबारा निर्माण कराने पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी।
एसडीएम धीरेंद्र सिंह ने कहा कि अवैध निर्माण पर रोक लगा दी गई है। यदि इसके बावजूद निर्माण कराने का प्रयास किया गया तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

