जनवाणी संवाददाता |
ऊन: प्रदेश सरकार द्वारा सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए थे जिसके बाद कुछ सड़कों पर पैच वर्क किया गया। लेकिन ऊन-चौसाना मार्ग पर गहरे गहरे गड्ढे बन गए हैं जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदेश सरकार ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए थे लेकिन सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो पाई। ऊन-चौसाना मार्ग पर करीब 8 माह पूर्व लाखों रुपए खर्च कर पैच वर्क का काम किया गया था।
इसके अलावा सड़क किनारे मिट्टी डालने में भी लाखों रुपए खर्च किए गए लेकिन पैच वर्क ज्यादा दिन नहीं चल पाया सड़क में कुछ दिनों बाद ही गड्ढे होने शुरू हो गए जो आये दिन गहरे होते जा रहे हैं। ऊन से भोगी माजरा तक सड़क की हालत बहुत खराब है।
बता दें कि यह मार्ग तहसील का मुख्य मार्ग है। इस मार्ग से तहसील के करीब दो दर्जन गांव का तहसील मुख्यालय व जिला मुख्यालय तक आवागमन होता है। इसके अलावा हरियाणा जाने वाले क्षेत्र के लोग भी इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। रोजाना दुर्घटनाएं होती रहती है लेकिन विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अभियंता सुरेंद्र शर्मा से पक्ष जानना चाहा लेकिन फोन नहीं मिल सका।

