- छपरौली के ब्लाक प्रमुख के चुनाव में आमने-सामने का होगा मुकाबला
जनवाणी संवाददाता |
बिनौली/ बड़ौत: ब्लाक प्रमुख पद के लिए भाजपा की ओर से बड़ौत, बिनौली व छपरौली में अपने प्रत्याशी घोषित कर रखे हैं। इनमें से दो बड़ौत व बिनौली में भाजपा के घोषित प्रत्याशियों का निर्विरोध प्रमुख चुना तय हो गया है। यहां दोनों ब्लाकों के लिए एक-एक ही नामांकन दाखिल किए गए। वहीं छपरौली में भाजपा प्रत्याशी के सामने दो नामांकन और जमा किए गए। इनमें एक का नामांकन निरस्त हो गया। यहां आमने-सामने की टक्कर होगी।
बड़ौत ब्लाक में प्रमुख पद के लिए वाजिदपुर गांव निवासी अनिता बरखा एक बार फिर से प्रमुख बनने के करीब हो गई। इससे पहले भी वह 2012 में प्रमुख पद पर विजयी हुई थी। इस बार फिर अनिता बरखा ने अपना भाग्य आजमाया। उसके सामने दूसरा कोई प्रत्याशी नामांकन करने नहीं पहुंचा।

अनिता बरखा भाजपा की घोषित प्रत्याशी हैं। इस मौके पर विधायक केपी मलिक, बड़ौत चेयरमैन डा. अमित राणा समेत भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर के अलावा काफी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। हालांकि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ ब्लाक परिसर में मुश्तैद रहे।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि एक ही नामांकन अनिता के नाम से जमा हुआ। जांच के बाद यह नामांकन सही पाया गया। नामांकन की जांच के बाद अनिता बरखा के समर्थकों में खुशी छा गई। वहीं दूसरी ओर बिनौली खंड विकास कार्यालय पर ब्लॉक प्रमुख पद के एक ही नामांकन कुलदीप उर्फ चीकू का जमा हुआ। जांच के बाद उसका नामांकन सही पाया गया।
इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी बी सिंह उपायुक्त स्वत: रोजगार ने बताया कि कुलदीप का नामांकन सही पाया गया। यहां एक ही नामांकन जमा हुआ था।

इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। भाजपा विधायक सहेन्द्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, जसवीर सौलंकी, अंजू कश्यप जिला मंत्री, दीपक बामनौली, मास्टर प्रह्लाद सिंह, प्रधान वेदपाल धामा, राहुल तोमर, संजीव शबगा, नितिन धामा, अमित धामा आदि मौजूद थे।
वहीं छपरौली ब्लाक में तीन नामांकन जमा हुए। इनमें अंशु चौधरी, कमलेश व भगत सिंह ने अपने नामांकन जमा किए। जांच के बाद भगत सिंह निवासी किरठल का नामांकन निरस्त हो गया। अब छपरौली में रालोद व भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है। हालांकि नौ जुलाई को नामांकन वापसी होगी।

