- जिवाना टोल से शामली के किसानों के काफिले के साथ सिंधु बॉर्डर चलने का लिया निर्णय
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: क्षेत्र के लुहारी गांव में भारतीय किसान यूनियन की बैठक हुई। इस बैठक में 10 जुलाई को ट्रैक्टर यात्रा के साथ सिंधु बॉर्डर पहुंचने पर चर्चा हुई। भाकियू के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र दांगी ने कहा कि गांवों से काफी संख्या में ट्रैक्टर सिंधु बॉर्डर के लिए जाएंगे। नौ जुलाई को शामली जिले के किसान ट्रैक्टर यात्रा लेकर दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जिवाना टोल प्लाजा पर पहुंच जाएंगे।
10 जुलाई को टोल प्लाजा से ट्रैक्टर यात्रा सिंधु बॉर्डर के लिए रवाना होगी। इस यात्रा में जिले के हजारों ट्रैक्टर साथ चलेंगे। शामली के किसानो के साथ ही बागपत जिले के किसानों की यह ट्रैक्टर यात्रा सिंधु बॉर्डर पर पहुंचेगी। ट्रैक्टर यात्रा को लेकर बैठक में चर्चा करते हुए हरेन्द्र दांगी ने कहा कि केन्द्र सरकार बेशर्म बनी हुई है।
जब वह अपनी प्रजा को दुश्मन मान बैठी है तो उसका कोई विश्वास नहीं है कि यह देश के लिए कुछ नहीं करेंगे। उन्होंने किसानों से तीनों कृषि कानूनों का विरोध तेज करने का आह्वान किया। इस मौके पर अध्यक्षता महिपाल सिंह ने की और संचालन सतपाल ने किया। बैठक में सुकर्मपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, डा. सत्यपाल सिंह, धर्मपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, काला, बबलू, अशोक, प्रमोद आदि मौजूद थे।

