जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दीपक चाहर के अलावा कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी के उम्दा प्रदर्शन के बाद शिखर धवन और इशान किशन की अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने पहले वनडे मैच में श्रीलंका को सात विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
धवन ने नाबाद 86 रन और सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 31 रनों का योगदान दिया। इससे पहले भारत ने पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को यहां श्रीलंका को नौ विकेट पर 262 रन के स्कोर पर रोक दिया।
कई शीर्ष खिलाड़ियों के टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर होने के कारण भारत ने सीमित ओवरों की टीम में कुछ कम अनुभवी खिलाड़ियों को चुना है। चाहर ने 37 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि कुलदीप (48 रन पर दो विकेट) और चहल (52 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट चटकाए।
कुणाल पंड्या ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर एक विकेट चटकाया। भारत की सटीक गेंदबाजी के सामने श्रीलंका ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पहले छह बल्लेबाजों के दोहरे अंक में पहुंचने के बावजूद कोई अर्धशतक नहीं बना।
आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे चमिका करूणारत्ने नाबाद 43 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे जबकि कप्तान दासुन शनाका (39), चरथ असालांका (38) और अविष्का फर्नांडो (32) ने भी उपयोगी पारियां खेली। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद फर्नांडो और मिनोद भानुका (27) ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 49 रन जोड़कर टीम को प्रभावी शुरुआत दिलाई।
फर्नांडो ने पारी के दूसरे ओवर में चाहर पर लगातार दो चौके जड़े जबकि इसी तेज गेंदबाज पर स्क्वायर लेग के ऊपर से पारी का पहला छक्का जड़ा। चाहर और भुवनेश्वर दोनों गेंद को स्विंग कराने में सफल रहे लेकिन विकेट हासिल नहीं कर सके।
कप्तान शिखर धवन ने 10वें ओवर में पहली बार स्पिन आजमाने का फैसला किया और चहल ने पहली ही गेंद पर फर्नांडो को एक्सट्रा कवर पर मनीष पांडे के हाथों कैच करा दिया। उन्होंने 35 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा।

