- भाजपा सरकार से हर वर्ग है परेशान: प्रियंवदा तोमर
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: रालोद की वरिष्ठ नेत्री डाक्टर प्रियंवदा तोमर ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। आज जनता जनार्दन त्रस्त हैं। महंगाई से लोग हलकान हैं। किसानों का गन्ना भुगतान नहीं हो पा रहा। चारों ओर हाहाकार मचा है। भाजपा दरअसल, सांप्रदायिकता को हवा दे रही है। लेकिन आने वाले विधान सभा चुनाव में भाजपा का पूरे सूबे से सूपड़ा साफ हो जाएगा।
डाक्टर प्रियंवदा रालोद की न्याय यात्रा के सिलसिले में सहारनपुर पहुंची थीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा पर कई तीर छोड़े। कहा कि समान विचारधारा वाले दलों से रालोद मिलकर प्रदेश में मजबूत सरकार बनाएगा। योगी और मोदी को गद्दी छोड़नी होगी।
उधर, पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय लोकदल की न्याय यात्रा पूरे जोश-खरोश के साथ देवबंद से जिला मुख्यालय पहुंची। यात्रा में राष्ट्रीय लोक दल के एससी एसटी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत कनौजिया, मुंशी रामपाल पूर्व सांसद, भगवती प्रसाद पूर्व विधायक, त्रिलोकी राम दिवाकर पूर्व विधायक, डॉक्टर सुशील कुमार क्षेत्रीय अध्यक्ष एसएससी प्रकोष्ठ, नरेंद्र खजूरी अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश एससी एसटी प्रकोष्ठ मुख्य रूप से शामिल रहे।

