- इंसाफ पाने के लिए सीएम को भेजा ज्ञापन, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
- दो माह पूर्व गांव अम्बेहटा शेखा में हुई थी युवक की हत्या
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: युवक की हत्या के दो माह बाद भी पुलिस द्वारा हत्यारोपियों को गिरफ्तार न किए जाने से नाराज मृतक परिजनों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ज्ञापन में आठ दिनों के भीतर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी गई है।
गत 21 जून को गांव अम्बेहटा शेखा निवासी युवक फिरोज पुत्र शाहिद की रंजिश के चलते चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई नौशाद ने गांव के ही पांच युवकों पर उसके भाई की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
जिसके आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी अजमल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि अन्य चार आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर बने हुए हैं।

