- मिस्त्री की दुकान से खाना खाने घर जा रहे थे युवक
- ट्रक में फंसकर काफी दूर घिसटते गए बाइक सवार
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: मेरठ-करनाल हाइवे पर बीएसएम स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को सड़क पर रखकर हंगामा प्रदर्शन करते हुए हाइवे जाम कर दिया। उन्होंने ट्रक चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता की मांग की।
सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ समेत कोतवाली व आदर्शमंडी पुलिस के साथ ट्रेफिक पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। करीब दो घंटें बाद दोनों अधिकारियों के आश्वासन परिजन मान गए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव मुंडेट खुर्द निवासी वाशु (18) पुत्र स्व. बबली और पड़ोस का ही आशीष (19) पुत्र सुरेश शामली शहर में लांसर्स स्कूल के पास बैटरी व ट्रैक्टर की दुकान में काम करते थे। शनिवार दोपहर में दोनों साथी गांव में खाना खाने के लिए निकले थे। जैसे ही बाइक सवार गांव मुंटेड के मोड पर एमएस फार्म के सामने पहुंचे तो शामली की तरफ से तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को चपेट में ले लिया और कुचल दिया।

दुर्घटना में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि ट्रक का चालक बिना रूके मौके से फरार हो गया। बताते हैं कि बाइक सवार ट्रक में फंसकर काफी दूर तक घिसटते चले गए थे। दुर्घटना की सूचना पर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखकर उनमें कोहराम मच गया।
जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा प्रदर्शन करते हुए मेरठ-करनाल हाइवे पर शव रखकर जाम कर दिया। जाम से हाइवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने लगी।
आनन-फानन में एसडीएम संदीप कुमार, सीओ सिटी प्रदीप सिंह, कोतवाली, आदर्शमंडी और ट्रैफिक पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। एसडीएम सीओ ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस से नोकझोक भी हुई। करीब दो घंटे बाद एसडीएम सदर संदीप कुमार ने परिजनों को आर्थिक सहायता और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी अहमद्गढ चौकी पर होने की सूचना दी जिसके बाद परिजन शांत हुए। जिसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेज दिया जबकि जाम खुलवाते हुए यातायात दुरूस्त कराया।

