- कागजात दिखाने पर खोलने को मिलेगी दुकान, भारी पुलिस फोर्स ने किया पैदल मार्च
- व्यापारियों में दिखी दहशत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चोरी के वाहनों के कटान के लिये बदनाम सोतीगंज को एसएसपी के फरमान के बाद रविवार को खुलने नहीं दिया गया। पुलिस ने पैदल मार्च निकाला और 110 कबाड़ियों को नोटिस रिसीव करा दिये। एसएसपी का कहना है कि जो भी दुकानदार अपने कागजात दिखा देगा उसको दुकान खोलने की अनुमति मिल जाएगी।

रविवार को सोती गंज बाजार पूरी तरह से बंद रहा। सुबह से ही पुलिसकर्मी पीएसी के जवानों के साथ गश्त करने लगे थे। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुछ कबाड़ी अपनी दुकानें खोल रहे हैं। इस पर पुलिस पहुंची और कबाड़ियों को हड़काकर चेतावनी देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी।
चोरी के वाहनों की खरीद बिक्री और उनके कटान को देखते हुए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने शनिवार रात सोती गंज बाजार को अगले आदेश तक बंद करने का निर्देश दिया था। इसके चलते ही रविवार को बाजार पूरी तरह से बंद रहा। सुबह सात बजे से ही पुलिसकर्मी गश्त करने लगे थे।
हालांकि दोपहर में कुछ व्यापारियों ने दुकान खोली, लेकिन सदर इंस्पेक्टर ने दुकानदारों को जमकर हड़काया। इस दौरान बिना अनुमति के दुकान खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई। रविवार सुबह सोतीगंज से लगे हुए ज्ञानी आॅटो पार्ट्स मार्केट के व्यापारी एएसपी सूरज राय से मिले।

उन्होंने कहा कि वह नया सामान बेचते हैं। कई दुकानदार मार्केट में सिर्फ रिपेयरिंग का काम करते हैं, इसलिए उनको दुकान खोलने की अनुमति दी जाए। वहां पर कोई भी चोरी का माल नहीं भेजा जाता है। इस पर एएसपी ने कहा कि आप एक शपथ पत्र तैयार करा कर दीजिए, जिसमें जीएसटी नंबर क्या है।
अंतिम बार कब जीएसटी का भुगतान किया। क्या सामान बेचा जाता है, कहां से सामान लाया जाता है। इसकी जानकारी देनी होगी। इसके बाद जांच की जाएगी और सब कुछ सही मिलने पर दुकान खोलने की अनुमति दी जाएगी। वहीं, सोतीगंज के कबाड़ियों की एसोसिएशन के अध्यक्ष ताहिर का कहना है कि जो दुकानदार गलत काम करते हैं।
उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए लेकिन पूरे बाजार के खिलाफ कार्रवाई का क्या मतलब बनता है। सोतीगंज में चोरी-लूट के वाहन काटने और बेचने वाले 300 दुकान व गोदामों को पुलिस ने छांट लिया है। 15 मुकदमे और गैंगस्टर की विवेचना के लिये आईपीएस सूरज राय, एएसपी कैंट को लगाया है।
सोतीगंज के कई बड़े कबाड़ी जेल में बंद कराए है। इसके बावजूद वाहनों के कटान व पार्ट्स बेचने का धंधा सोतीगंज में चल रहा है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात समेत कई राज्यों से गाड़ियों चोरी हो रही है। दावा है कि विवेचना में पार्ट्स बेचने वाले दुकानों के नाम सामने आए हैं।

