- मोहनपुरी नाले के किनारे वाले मार्ग की दीवार ढही
- ऊपर मार्ग, नीचे से खोखली हो चुकी जमीन हो रहा कटान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर निगम की लापरवाही जनता पर पूरी तरह से भारी पड़ती दिख रही है। मोहनपुरी नाले के किनारे सड़क की हालत पूरी तरह से खराब हो चुकी हैं। यहां सड़क के नीचे की जमीन तक नाले में बह चुकी है और नाले की दीवार भी ढह चुकी है। अब कभी भी पूरी की पूरी सड़क ही नाले में जाने को तैयार है, लेकिन इस विषय में नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जबकि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। एनएएस इंटर कॉलेज के पीछे ही मोहनपुरी है। जहां एक और सुभाष नगर है और बीच में नाला बह रहा है। इस नाले के किनारे बनी दीवार पूरी तरह से नाले में बह चुकी है, लेकिन कोई देखने को तैयार नहीं है।
नाले की दीवार बहने के बाद सड़क के नीचे की मिट्टी भी नाले में बहती जा रही है। हालात इस कदर खराब हैं कि ऊपर सड़क रह गई है और नीचे से मिट्टी गायब होती जा रही है। अगर जल्द ही इसे ठीक नहीं कराया तो यह पूरी सड़क ही नाले में समा जायेगी और कभी भी यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
कई बार की शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन उनकी शिकायतों को अनसुना किया जा रहा है। नगर निगम अधिकारियों से कई बार इस विषय में बताया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मोहनपुरी निवासी अमित ने बताया कि इसे लेकर कई बार क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी तक से भी शिकायत की, लेकिन उनकी समस्या को अभी तक दूर नहीं किया गया है। अधिकारी शायद यहां कोई हादसा होने का इंतजार कर रहे हैं। जिसके बाद शायद सुनवाई हो जाये।

