- मंदिरों में जगह-जगह भंडारा व भजन कीर्तन का आयोजन, श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: नगर के सभी शिवालयों में महाशिवरात्रि पर्व पर मंगलवार की सुबह से जन सैलाब उमड़ गया और मंदिरोें में पहुंचकर जलाभिषेक किया गया। मंदिरों में जगह-जगह भंडारे व भजन कीर्तन का आयोजन किया गया और महिलाओं ने भजनों पर जमकर नृत्य किया। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
महाशिवरात्रि पर्व मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया गया और जलाभिषेक करने के लिए सुबह से श्रद्धालुओं ने पूरी तैयारी कर रखी थी। सुबह के समय श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर मंदिरों में जाना शुरू कर दिया। नगर के पक्काघाट मंदिर, ठाकुर द्वारा मंदिर, हनुमान मान, बाबा जानकीदास मंदिर, शिव मंदिर, शालीग्राम मंदिर, भूमिया एवं शिव मंदिर आदि मंदिरों में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की और घर में सुख शांति की कामना कर भगवान शिव से प्रार्थना की।
इसके बाद दोपहर के समय मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमेें महिला श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के भजनों पर जमकर नृत्य किया और भजन गाकर पुण्य लाभ कमाया।
इससे पूर्व मंदिरों में भंडारा किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। वहीं नगर के आॅफिसर्स हॉस्टल के पास शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर विधि विधान के साथ हवन किया गया। वहां श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ कमाया।

