जनवाणी संवाददाता |
भोपाः भोपा थाना क्षेत्र के गांव इलाहाबास में हुए जानलेवा हमले के मामले में गवाह ने आरोपियों पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव इलाहाबास निवासी अमित कुमार ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि बीते लगभग एक वर्ष पहले गांव के ही चार आरोपियों ने उसके घर पर आकर उसके परिजनों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी जिसका मुकदमा भोपा थाने पर दर्ज कराया गया था। आरोप है कि इस मामले में आरोपीगण जमानत पर बाहर आ गए थे और मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है जिसमें गवाही चल रही है।
अगले सप्ताह न्यायालय में इस मामले में गवाही की तारीख लगी हुई है। पीड़ित ने बताया कि रविवार की सुबह वह अपने परिवार के ही एक व्यक्ति के घर पर जा रहा था। तभी रास्ते में एक आरोपी ने उसे रोक लिया और गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी इससे पहले भी उसे इस प्रकार की धमकी दे चुके हैं। जिसकी शिकायत उसने भोपा पुलिस से की थी जिस पर पुलिस ने आरोपियों को मुचलका पाबंद कर दिया था। पीड़ित ने आरोपियों पर कानूनी कार्यवाही कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत पर पुलिस गांव में गई थी। दोनो पक्षों में रंजिश चल रही है। शिकायत फर्जी पाई गई है।

