- महिला दिवस पर कोतवाली परिसर में खोली गई महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: शासन के निर्देश पर कोतवाली परिसर में खोली गई महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शुभारंभ किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने फीता काटकर चौकी का उद्घाटन किया। शासन द्वारा चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं में सुरक्षा की भावना जागृत करने तथा उन्हें सशक्त बनाने के लिए महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी खोली जा रही है।
नगर स्थित कोतवाली परिसर में भी महिला पुलिस चौकी खोली गई है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोमवार को कोतवाली पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक नगर प्रवीण रंजन सिंह ने फीता काटकर चौकी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ ही उन्हें स्वावलंबी बनाने तथा सुरक्षा मुहैया कराना है।
उन्होंने कहां की महिला पुलिस चौकी में महिलाकर्मियों के साथ पीड़ित महिलाएं अपनी समस्याओ को साझा कर सकेगी। उन्होंने कहा कि नगर में महिला सुरक्षा समितियों का गठन किया गया है। समिति में 20 सदस्य नामित की गई हैं।
इन सदस्यों से मिलकर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी प्रभारी महिलाओं के विवादों का निपटारा करेंगी। एसपी ने कहा कि महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी में आकर महिलाएं अपनी समस्या आसानी के साथ बता सकेगी जिससे उनका निस्तारण भी गुणवत्तापूर्ण होगा।
कार्यक्रम में मौजूद महिला सुरक्षा समिति की सदस्यों से अपर पुलिस अधीक्षक ने स्वाबलंबी व सशक्त बनने की बात कही। उन्होंने सुरक्षा समिति सदस्यों से महिलाओं को न्याय दिलाने में उनकी मदद करने की अपील भी की। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभसूचित कुमार, थाना अध्यक्ष पंकज तोमर, पुलिस चौकी इंचार्ज वंदना रस्तोगी व सुरक्षा समिति सदस्य पवन कुमारी, अर्चना शर्मा, प्रीति कौशिक, सुनीता कौशिक, सतीश सैनी व ज्योति, बेबी आदि मौजूद रहे।

