- छह मार्च को लोक अदालत का करेंगे बहिष्कार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: अधिवक्ता ओंकार सिंह तोमर की आत्महत्या मामले में आरोपी विधायक सहित अन्य की गिरफ्तारी न होने पर सोमवार को मेरठ बार एसोसिएशन के पंडित नानक चंद सभागार में हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति की एक बैठक आयोजित की गई।
जिसकी अध्यक्षता चेयरमैन महावीर सिंह त्यागी व संचालन समिति के संयोजक सचिन चौधरी ने किया। बैठक में मुख्य रूप से चर्चा का विषय यह रहा की पुलिस एवं प्रशासन द्वारा अधिवक्ताओं को उक्त प्रकरण में केवल आश्वासन देकर गुमराह किया जा रहा है और अभियुक्तों को पुलिस संरक्षण देते हुए गिरफ्तारी नहीं कर रही है जिससे स्व. ओमकार सिंह तोमर एडवोकेट एवं उनके पीड़ित परिवार को आज तक न्याय नहीं मिल पा रहा है।
जिसके संबंध में विचार विमर्श किया गया। बैठक मैं हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति से जुड़े पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे सभी ने अपने अपने विचारों से अवगत कराया। जिसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि चार मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के जिला व तहसील बार एसोसिएशन के सभी अधिवक्तागण न्यायिक कार्यों से विरत रहते हुए अपने चैंबरों की भी पूर्णतया तालाबंदी रखेंगे और कचहरी परिसर के मुख्य गेटों पर धरना प्रदर्शन करेंगे और मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे।

वहीं, केंद्रीय संघर्ष समिति उक्त प्रकरण में बार काउंसिल आॅफ उत्तर प्रदेश को एक पत्र प्रेषित करेगी और बार कौंसिल से आग्रह करेगी जिसमें स्वर्गीय ओमकार सिंह तोमर एडवोकेट व उनके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश के अधिवक्ता गण सांकेतिक रूप से एक दिन न्यायिक कार्य से विरत रहकर विरोध प्रकट करें। वहीं सात मार्च तक पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसी भी जनपद में जहां भी लोक अदालत आयोजित की गई हैं।
वहां अधिवक्ता लोक अदालत का पूर्णतया बहिष्कार करेंगे। नौ मार्च को मेरठ जिले में राज्यपाल व उपमुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश केंद्रीय संघर्ष समिति के पदाधिकारी मंडल उनसे मिलकर अपनी मांग सौंपेंगे। अधिवक्ताओं का जो क्रमिक अनशन चल रहा है वह डीएम कार्यालय के सामने निरंतर रूप से आगे भी जारी रहेगा।
यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती तो मेरठ में केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री व अन्य मंत्री के आगमन पर अधिवक्ता उनका बहिष्कार करते हुए उनका घेराव करेंगे तथा आवश्यकता होने पर दुबारा केंद्रीय संघर्ष समिति की बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में जिला बार एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष वीके शर्मा व महामंत्री मुकेश त्यागी, चांदपुर से राकेश सिंह आलोक कुमार अलीगढ़ बार के राम सिंह व संजय पाठक मुजफ्फरनगर बार के सुगंध जैन व बिजेंद्र सिंह मलिक, बिजनौर बार के रामेंद्र सिंह गाजियाबाद बार से परमजीत सिंह व मनमोहन शर्मा गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी महामंत्री ऋषि तीगर सहारनपुर बार से राजेंद्र चौहान व राहुल त्यागी बागपत बार से सोमेंद्र ढाका अमित तोमर सरधना बार से कुलदीप त्यागी शामली बार से ठाकुर आरपी सिंह व सतेंद्र देशवाल हापुड़ बार से सुनील अग्रवाल व अशोक गिरी मुरादाबाद बार से आदेश श्रीवास्तव बुलंदशहर बार से मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।
जारी रहा क्रमिक अनशन
अधिवक्ता ओमकार तोमर की आत्महत्या प्रकरण में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर विरोध स्वरूप डीएम कार्यालय के समक्ष अधिवक्ताओं का क्रमिक अनशन लगातार जारी है। जिसमें सोमवार को मयंक गुप्ता, अंकुर शर्मा, अनुभव कौशिक, राजीव शर्मा, राहुल, विक्रांत पाराशर, विजय त्यागी, जावेद गाजी, विक्रम सिंह चौहान, संजीव सिंह, चंदन, गौरव चौहान, मनीष कुमार, महमूद जैदी आदि अनशन पर बैठे।

