जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान मंगलवार को मेजर जनरल मनीष कुमार ने लगातार दूसरे दिन डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित भर्ती स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग, दस्तावेज जांच, शारीरिक दक्षता परीक्षा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
अधिकारियों से भर्ती प्रक्रिया की प्रगति पूछकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मंगलवार को बुलंदशहर और खुर्जा तहसील के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। 1,182 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें 1,065 उपस्थित हुए। इनमें 815 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता हासिल की।
मेजर जनरल ने भर्ती प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। भर्ती में सैन्य और नागरिक अधिकारियों के समन्वय की भी समीक्षा की गई।

