- गठबंधन प्रत्याशी सुनीता वर्मा के समर्थन में सपा प्रमुख ने की सभा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पहले ही चरण में भाजपा फ्लाप हो गई है। चुनावी जनसभा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का खुलकर बखान किया। अखिलेश ने कहा कि हमने कई साल पहले मुफ्त में लैपटॉप बांटे, अब हमारी नीति का अनुसरण अमेरिका जैसा देश कर रहा है। उन्होंने पुलिस को भी खुलकर रिश्वत लेकर परेशान करने के आरोप जड़े। अखिलेश ने कहा कि अभी तो सेना की नौकरी चार साल की है। यदि इस बार भी आ गये तो पुलिस की नौकरी तीन साल की हो जायेगी। उन्होंने गत दिवस हुए मतदान पर भाजपा पर जमकर कटाक्ष करते हुए पहले दिन की पहली फ्लॉप शो करार दिया।
अखिलेश यादव शनिवार को मेरठ पहुंचे। वह यहां हापुड़ रोड पर ग्राम हाजीपुर में मेरठ-हापुड़ लोकसभा की समाजवादी पार्टी गठबंधन प्रत्याशी सुनीता वर्मा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। निर्धारित समय से दो घंटा विलम्ब से पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री गत दिवस हुए पहले चरण के मतदान के बाद हुए रूझान की खबर से काफी गदगद नजर आये। उन्होंने खुलकर कहा कि पहले ही चरण में भाजपा की फिल्म पहले ही शो में फ्लॉप हो गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा है। जब हवाएं तेज चलती हुई देख रहा था तो ये गुब्बारा नीचे तक आ रहा था। जो लोग दूसरे दल की फिल्म को फ्लॉप शो बोल रहे थे, पहले दिन पहले चरण में ही उनकी फिल्म फ्लॉप हो गई।

भाजपा की घिसी पिटी कहानी और डॉयलाग लोग अब सुनना नहीं चाहते। कोई भी अब उन्हें वोट नहीं देना चाहता। पश्चिम की हवा ने सब पलट दिया है। प्रत्याशी सुनीता वर्मा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनरल सीट पर एक दलित की बेटी को टिकट देकर अखिलेश यादव ने महान काम किया है। अब हमें भी इस अहसान का बदला चुकाना है। मेरी जीत हर सपा कार्यकर्ता की जीत होगी। सुनीता वर्मा के पति और पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि सपा ने टिकट देकर दलित समाज को सम्मानित किया है। योगेश वर्मा ने दो अप्रैल की घटना का भी जिक्र किया और कहा कि षड्यंत्र के तहत मुकदमा लगाकर उन्हें जेल भेजा।
ये रहे मौजूद
किठौर विधायक शाहिद मंजूर की अध्यक्षता व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य नवाजिश शाहिद के संचालन में हुई इस जनसभा को शहर विधायक हाजी रफीक अंसारी, सरधना विधायक अतुल प्रधान आदि ने भी संबोधित किया। भानु प्रताप सिंह, विपिन मनोठिया, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, मौहम्मद चांद, महमूद इकबाल कस्सार, शमशुद्दीन कुरैशी, शरीफ मेवाती, पूर्व चेयरमैन इकरामुद्दीन बालियान, आस मौहम्मद मलिक, संगीता राहुल, वसीम राहुल, डा. कृष्णपाल, नीरज आदि मौजूद रहे।
अखिलेश और प्रियंका 23 को हर्रा मोड़ पर
सरूरपुर: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व कांग्रेस नेत्री प्रियंका वाड्रा 23 अप्रैल को हर्रा मोड़ पर आएंगे। बागपत लोकसभा के सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा के समर्थ में होने वाली रैली के लिए शनिवार की देर शाम समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पुलिस-प्रशासन खुफिया विभाग के अधिकारीगण ने स्थल का मौका मुआयना कर जायजा लिया। सपा के सिवालखास विधानसभा अध्यक्ष तसव्वर अली ने बताया कि 23 अप्रैल को दोपहर 12 बजे समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एक सभा को सपा प्रत्याशी के समर्थन में संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि सभा में कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री प्रियंका वाड्रा भी शामिल होंगी। जहां दोनों नेता सामाजवादी पार्टी के बागपत लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अमरपाल शर्मा के समर्थन में जनसभा कर लोगों से वोट, सपोर्ट मांगेंगे।

