- आकाश की मौत होने के बाद परिवार के साथ फरार हो गया था पशु चिकित्सक प्रदीप
- प्रदीप के परिवार समेत फरार होने पर पुलिस ने किया था 25-25 हजार का इनाम घोषित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आकाश हत्याकांड के आरोपी पशु चिकित्सक के परिवार समेत फरार होने पर परतापुर पुलिस ने उसके घर की कुर्की कर ली। हालांकि पुलिस ने पशु चिकित्सक के फरार होने पर उसके व उसकी पत्नी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
वहीं आकाश के परिवार द्वारा बार-बार हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाने के लिए थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को चिकित्सक के घर के दरवाजे समेत सारा सामान कुर्क कर लिया। विदित रहे कि कंचनपुर घोपला में प्रेम प्रसंग के चलते पशु चिकित्सक प्रदीप ने आकाश को अपने घर बुलाकर बेरहमी से पीटकर अधमरा करने के बाद गांव से बाहर फेंक दिया था।
परिजनों ने आकाश को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां पर उसने 17 दिन बाद उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। इसके बाद आकाश के परिजनों ने शव को चिकित्सक के घर के बाहर रखकर उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी।
जिसके बाद सीओ ब्रह्मपुरी व एसीएम ने पीड़ित परिवार को तीन दिन में हत्यारोपियों की गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया था। वहीं सीओ द्वारा दिया गया तीन दिन का समय पूरा होने के बाद भी जब हत्यारोपी चिकित्सक की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बुधवार को पीड़ित परिवार ग्रामीणों के साथ कलक्ट्रेट में जा रहा था।
लेकिन, परतापुर पुलिस ने पीड़ित परिवार को कलक्ट्रेट में जाने से रोकते हुए उन पर लाठीचार्ज तक कर दिया था। लेकिन अब थाना पुलिस ने पशु चिकित्सक के घर की कुर्की के आदेश कराकर शुक्रवार को उसके घर के दरवाजों समेत पूरा सामान कुर्क कर लिया।
पुलिस ने कर दी आज कुर्की
आकाश हत्याकांड के आरोपी पशु चिकित्सक प्रदीप ने वीरवार को जिला बागपत के दाह थाने में अपनी गिरफ्तारी दे दी थी। हालांकि इसके बावजूद परतापुर पुलिस ने कोर्ट से आदेश कराकर शुक्रवार को पशु चिकित्सक के घर की कुर्की कर ली। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि पशु चिकित्सक के घर की कुर्की होने तक उनके पास प्रदीप की गिरफ्तारी के कोई आदेश नहीं आए है।
बता दें कि आकाश की मौत होने के बाद पशु चिकित्सक प्रदीप अपनी पत्नी व बेटे के साथ घर से फरार हो गया था। एक सप्ताह से फरार चल रहा पशु चिकित्सक प्रदीप वीरवार को जिला बागपत के थाना दाह के गांव आमदपुर में तमंचा के साथ गिरफ्तार हो गया था। लेकिन परतापुर पुलिस के पास शुक्रवार तक पशु चिकित्सक प्रदीप के गिरफ्तार होने की कोई जानकारी नहीं आई।
जिसके बाद थाना पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई करते हुए पशु चिकित्सक प्रदीप के घर का सारा सामान कुर्क कर लिया। वहीं परतापुर एसओ सतीश कुमार का कहना था कि आकाश हत्याकांड के आरोपी पशु चिकित्सक प्रदीप की गिरफ्तारी के उनके पास कोई आदेश नहीं आए है। जिसके चलते कोर्ट के आदेश पर उसके घर की कुर्की की गई है।

