जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी का एक और बड़ा मामला सहारनपुर में उजागर हुआ है। थाना नकुड़ क्षेत्र में चार कॉलोनाइजरों ने एक युवक पर 80.50 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी ने पहले जमीन का सौदा पक्का किया, पूरी रकम ले ली और कब्जा भी दे दिया, लेकिन बाद में बैनामा करने से साफ मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने पीड़ितों द्वारा कराए गए निर्माण को तोड़ डाला और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी भी दी।
कॉलोनाइजर अनूप मित्तल, अजय कुमार, जितेंद्र कुमार और राकेश चौहान ने बताया कि वे वर्षों से छोटी-छोटी कॉलोनियां विकसित कर लोगों को प्लॉट उपलब्ध कराते हैं। इसी कार्य के दौरान उनकी जान-पहचान नकुड़ क्षेत्र निवासी अनुज सैनी से हुई। परिचित देवेंद्र सैनी ने अनुज को भरोसेमंद बताते हुए उनका सौदा कराने में मध्यस्थता की।पीड़ितों का कहना है कि अनुज सैनी ने ग्राम ककराला स्थित अपनी साढ़े चार बीघा जमीन बेचने की बात कही। प्रति बीघा 20.10 लाख रुपये के हिसाब से सौदा कुल 80.50 लाख रुपये में तय हुआ। सौदा पक्का करते समय 30.50 लाख रुपये अग्रिम के रूप में आरोपी को दिए गए और शेष 50 लाख रुपये 23 मार्च 2024 को गवाहों की मौजूदगी में अदा कर दिए गए। पूरा भुगतान होने के बाद अनुज ने जमीन का कब्जा भी कॉलोनाइजरों को सौंप दिया।
नियत बदली और कराया नुकसान
कॉलोनाइजरों ने कब्जा मिलने के बाद वहां पर सड़क, बाउंड्री और अन्य निर्माण कार्य शुरू कर दिए और लगभग 15 लाख रुपये खर्च कर दिए। लेकिन तभी आरोपी अनुज सैनी की नियत बदल गई। उसने कहा कि अब जमीन के अधिक दाम मिल रहे हैं, इसलिए वह बैनामा नहीं करेगा। आरोप है कि पीड़ितों की गैरमौजूदगी में उसने ट्रैक्टर चलवाकर वहां बनाए गए निर्माण कार्य को तुड़वा दिया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।पीड़ितों ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि जब भी वे पैसे वापस करने या बैनामा कराने की बात करते, आरोपी गाली-गलौज करता और घर की महिलाओं के जरिए अभद्रता कराता। इतना ही नहीं, वह यह धमकी देता कि अगर दबाव बनाया तो उन पर झूठा रेप केस दर्ज करवा देगा। कॉलोनाइजरों का आरोप है कि आरोपी कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे चुका है।
एसएसपी से लगाई गुहार
चारों कॉलोनाइजर एसएसपी से मिले और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी ने न सिर्फ उनकी मेहनत की कमाई ठगी है, बल्कि जमीन पर किए गए लाखों रुपये के निर्माण को नष्ट कर उनके नुकसान को और बढ़ा दिया है।शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अनुज सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना नकुड़ पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

